ऑक्सफ़ोर्ड (10 सितंबर 26)। अगर आपको खौलता हुआ पानी, बेहद गर्म चाय या कॉफ़ी पीने की आदत है, तो सावधान हो जाइए। एक ताज़ा और बड़ी स्टडी में यह बात सामने आई है कि बहुत ज़्यादा गर्म ड्रिंक्स पीने से खाने की नली का कैंसर होने का ख़तरा तीन गुना तक बढ़ सकता है। ऑक्सफ़ोर्ड यूनिवर्सिटी के शोधकर्ताओं द्वारा की गई यह स्टडी 'इंटरनेशनल जर्नल ऑफ़ कैंसर' में पब्लिश हुई है, जिसमें लगभग 10 लाख लोगों के डेटा का विश्लेषण किया गया।
स्टडी के अनुसार, जो लोग बहुत गर्म ड्रिंक्स पीते थे, उनमें गुनगुनी चाय या कॉफ़ी पीने वालों की तुलना में कैंसर का ख़तरा लगभग तीन गुना ज़्यादा था - हालांकि एक्सपर्ट्स का कहना है कि इस कैंसर के होने की कुल संभावना कम है। जब आप बहुत ज़्यादा गर्म लिक्विड पीते हैं, तो वह पेट तक पहुंचते-पहुंचते आपकी खाने की नली की अंदरूनी संवेदनशील परत को नुकसान पहुंचाता है। बार-बार इस तरह की जलन या क्षति होने से कोशिकाओं में कैंसर विकसित होने की संभावना बढ़ जाती है। रिसर्च के मुताबिक 65°C या उससे ज़्यादा तापमान वाला कोई भी ड्रिंक सेहत के लिए हानिकारक हो सकता है। केतली में चाय उबलने के तुरंत बाद उसका तापमान 100°C के करीब होता है। कप में डालने के बाद भी यह 90°C से 95°C के आसपास रहता है। युवाओं पर की गई एक स्टडी में पाया गया कि लोगों को 70°C या उससे अधिक तापमान वाले ड्रिंक्स ही 'बहुत गर्म' महसूस होते हैं। टेकअवे कॉफ़ी के लिए 49°C से 60°C का तापमान सबसे सुरक्षित और सही माना जाता है।
अक्सर लोग मानते हैं कि चाय या कॉफ़ी में ठंडा दूध मिलाने से तापमान तुरंत कम हो जाता है। हालांकि रिसर्चर्स का कहना है कि दूध मिलाने के बावजूद ड्रिंक्स इतने गर्म हो सकते हैं कि वे आपकी खाने की नली को नुकसान पहुंचा सकें। इसके अलावा, दिन में 6 या उससे ज़्यादा बार गर्म ड्रिंक्स पीने वाले लोगों में यह ख़तरा और अधिक देखा गया है। कैंसर रिसर्च UK का कहना है कि गर्म ड्रिंक को ठंडा होने के लिए कितना समय देना चाहिए, इसका सही समय बताना मुश्किल है। चैरिटी ने कहा, लेकिन अगर आपको चिंता है, तो हमारा सुझाव है कि इसे बहुत गर्म होने पर पीने के बजाय तब तक इंतज़ार करें जब तक कि यह पीने लायक आरामदायक न हो जाए।