इंदौर (18 सितंबर 26)। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने विपक्षी नेताओं पर बृहस्पतिवार को निशाना साधते हुए कहा कि सत्ता हासिल करने का कोई भी दरवाजा दिखाई नहीं देने से उन्हें बेचैनी हो रही है। नबीन ने यह बात लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के इंदौर में 19 सितंबर को होने वाले 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम से दो दिन पहले कही। उन्होंने कहा कि नरेन्द्र मोदी सरकार युवाओं के हित में कई योजनाएं संचालित कर रही है। भाजपा अध्यक्ष, प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन और निर्वाचित जन प्रतिनिधि के तौर पर उनके 25 वर्ष पूरे होने पर इंदौर में राज्य सरकार के एक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर राज्य के मुख्यमंत्री मोहन यादव भी मौजूद थे। उन्होंने कहा कि विपक्षी नेताओं को मोदी के नेतृत्व में भारत का तेज रफ्तार विकास, गरीब कल्याण और रक्षा क्षेत्र में देश का स्वाभिमान देखकर पीड़ा होती है।
नबीन ने कहा, 'चूंकि उन्हें (विपक्षी नेता) अब सत्ता का कोई दरवाजा नहीं दिख रहा है, इसलिए उन्हें भीतर ही भीतर बेचैनी हो रही है।' भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि नई दिल्ली में हाल ही में संपन्न 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में नजर आ रहा था कि दुनिया के शक्तिशाली मुल्क भारत के साथ कदम से कदम मिलाकर चलने को तैयार हैं, लेकिन विपक्ष के नेता भारत की धाक के बजाय सम्मेलन में परोसे गए व्यंजनों की सूची देख रहे थे। नबीन ने प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन के अवसर पर भाजपा के 'सेवा दिवस', 'सेवा संकल्प अभियान', और 'आशीर्वाद का दीया' जैसे आयोजनों को लेकर सवाल उठाने वाले विपक्षी नेताओं को आड़े हाथों लिया। भाजपा अध्यक्ष ने कहा, 'आपने (विपक्षी नेता) केवल राजनीति की, हमने समाज को जोड़कर जनता को विकास की राह पर आगे ले जाने का काम किया। आप सेवा शब्द का मतलब समझ ही नहीं सकते।'
नबीन ने कहा कि मोदी ने 'राष्ट्र प्रथम' के नारे से पूरे देश को एक सूत्र में बांध दिया है, जबकि विपक्ष की सोच 'सेल्फ फर्स्ट', 'पार्टी नेक्स्ट' और 'नेशन लास्ट' की है। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि मोदी सरकार ने युवाओं के लिए स्टार्टअप योजना, यूनिकॉर्न योजना, मुद्रा ऋण योजना शुरू की है। उन्होंने कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी का नाम लिए बगैर कहा, 'इन दिनों लोग युवाओं की बात कर रहे हैं। मैं पूछता हूं कि आपके समय (कांग्रेस की पिछली सरकारें) 57 करोड़ युवाओं को ऋण देने की बात आपने कभी सोची भी थी क्या?' नबीन ने कहा कि देश में दो लाख से अधिक स्टार्टअप के साथ युवा आगे बढ़ रहे हैं और रोजगार देने वालों के रूप में उभर रहे हैं। उन्होंने कांग्रेस की पिछली सरकारों पर हमला बरकरार रखते हुए कहा कि पहले सरकारी योजनाओं का लाभ वोट बैंक के आधार पर दिया जाता था, जबकि नरेन्द्र मोदी सरकार हर योजना के तहत गरीबों और ग्रामीणों को प्राथमिकता के आधार पर सहायता मुहैया करा रही है।