नईदिल्ली (22 मई 24)। उच्चतर शिक्षा विभाग के सचिव संजय मूर्ति ने एआईसीटीई के अध्यक्ष टीजी सीताराम के साथ आज शिक्षकों के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार (उच्च शिक्षा) - 2024 के संबंध में नामांकन के लिए पोर्टल की शुरुआत की।
इसके अलावा शिक्षा मंत्रालय के उच्चतर शिक्षा विभाग ने नामांकन करने के संबंध में दिशा-निर्देश भी जारी किए हैं। यह पुरस्कार तकनीकी और गैर-तकनीकी उच्चतर शिक्षा संस्थानों के अनुकरणीय शिक्षकों/संकाय सदस्यों और पॉलिटेक्निक संस्थानों के शिक्षकों को प्रदान किया जाएगा। निम्नलिखित व्यापक विषयों के आधार पर पहली श्रेणी के तहत तीन उप-श्रेणियां होंगी। इनमें इंजीनियरिंग व प्रौद्योगिकी, वास्तुकला, शुद्ध विज्ञान, जिनमें गणित, भौतिक विज्ञान, जैविक विज्ञान, रासायनिक विज्ञान, चिकित्सा व फार्मेसी शामिल हैं और कला व सामाजिक विज्ञान, मानविकी, भाषाएं, विधिक अध्ययन, वाणिज्य और प्रबंधन हैं। इस पुरस्कार के लिए नामांकन जमा करने की अंतिम तिथि 20 जून, 2024 है। चयनित पुरस्कार विजेताओं को भारत के भूतपूर्व राष्ट्रपति और विख्यात शिक्षक डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती के उपलक्ष्य में 5 सितंबर (शिक्षक दिवस) को सम्मानित किया जाएगा।