इंदौर (17 जुलाई 26)। शहर के शिशुकुंज स्कूल में करीब 150 बच्चों के बीमार पड़ने के मामले में जांच रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। स्कूल के आरओ पानी में ई-कोलाई और कॉलीफॉर्म बैक्टीरिया मिलने के साथ ही सोयाबीन तेल, नमकीन, तुअर दाल और स्ट्रॉबेरी आइसक्रीम के नमूने भी अमानक पाए गए हैं। विभाग ने फेल हुए सभी सैंपलों के संबंध में नोटिस जारी कर दिए हैं और मामले में न्यायालयीन कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
कलेक्टर शिवम वर्मा ने बताया कि खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को नियम अनुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए है। खाद्य विभाग अधिकारी मनीष्ज्ञ स्वामी ने बताया कि नोटिस का जवाब मिलने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी। स्कूल के किचन को फिलहाल सील रखा गया है। वहीं कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देश पर एक समिति गठित की गई है, जो अगले 14 दिनों तक स्कूल की साफ-सफाई, खाद्य भंडारण और भोजन व्यवस्था की निगरानी करेगी। इसके बाद दोबारा पानी और खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच कराई जाएगी।
गौरतलब है कि 22 जून को स्कूल के करीब 150 विद्यार्थियों की तबीयत बिगड़ गई थी। बच्चों में उल्टी, दस्त और पेट दर्द की शिकायत के बाद प्रशासन ने जांच शुरू की थी। रिपोर्ट में आरओ पानी दूषित पाया गया, जबकि कई खाद्य सामग्री भी मानकों पर खरी नहीं उतरी। खाद्य सुरक्षा विभाग ने बताया कि स्कूलों, छात्रावासों, कैंटीनों और अन्य संस्थानों में नियमित रूप से खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए जा रहे हैं। विभाग का कहना है कि बच्चों के स्वास्थ्य से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।