Wednesday, 30 Sep 2026

शराब घोटाले में अरविंद केजरीवाल को मिली जमानत

नईदिल्ली (21 जून 24)। आम आदमी पार्टी के लिए राहत भरी खबर है। दिल्ली शराब घोटाले में तिहाड़ जेल में बंद मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को जमानत मिल गई है। 1 लाख के मुचलके पर केजरीवाल को जमानत मिली है। राउज एवेन्यू कोर्ट ने अरविंद केजरीवाल को जमानत दी है। ईडी ने जमानत के विरोध के लिए 48 घंटे का समय मांगा है। कोर्ट ने कहा कि ये दलीलें कल ड्यूटी जज के सामने की जा सकती है। राउज एवेन्यू कोर्ट ने कहा कि एक लाख रुपये के मुचलके पर कल शुक्रवार को केजरीवाल तिहाड़ जेल से बाहर आ सकते हैं इससे पहले कोर्ट ने केजरीवाल की जमानत पर फैसला सुरक्षित रख लिया था। बता दें कि 2 जून को केजरीवाल ने तिहाड़ जेल में सरेंडर किया था।

अरविंद केजरीवाल को जमानत मिलने के बाद आम आदमी पार्टी ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, 'सत्य परेशान हो सकता है, पराजित नहीं। BJP की ED की तमाम आपत्तियों को ख़ारिज करते हुए माननीय न्यायालय ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल जी को जमानत दे दी है।' आप नेता आतिशी ने लिखा, 'सत्यमेव जयते...।' सौरभ भारद्वाज ने कहा, 'PMLA के मामलों में किसी भी तरह की राहत के लिए सुप्रीम कोर्ट तक इंतज़ार करना पूरी न्याय व्यवस्था का दम घोट रहा था। निचली अदालतें भी समय पर न्याय दें, यह बहुत ज़रूरी था। हर मामला सुप्रीम कोर्ट जाये, ये सुप्रीम कोर्ट का बोझ बेवजह बढ़ा रहा था।'

Tags:

Follow us

This question is not available..!