Wednesday, 30 Sep 2026

विधायक गोलू शुक्ला ने किया महादेव का अपमान

इंदौर (23 जुलाई 24)। सत्ता के मद में मगरूर विधायक राकेश शुक्ला 'गोलू' ने देवाधिदेव महादेव का अपमान किया है। इससे करोड़ों धर्मावलंबियों की आस्था को ठेस पहुंचा है। यह बात कांग्रेस नेता दीपक जोशी 'पिंटू' ने कही। उन्होंने गोलू शुक्ला की कांवड़ यात्रा के एक होर्डिंग का चित्र जारी कर इस बात पर दुःख जताया कि शुक्ला ने देवाधिदेव भगवान महादेव को अपने चरणों में बैठाकर उनका घोर अपमान किया है। ऐसा लगता है कि शुक्ला भगवान से अपने नाम की कांवड़ निकलवा रहे हैं। पिंटू जोशी ने कहा कि विधायक के इस कृत्य से उनका और उनकी पार्टी भाजपा का असली चेहरा सामने आ गया है, जो धर्म और जाति की आड़ में समाज को विभाजित करने पर तुले हैं। पिंटू जोशी ने विधायक गोलू शुक्ला से तत्काल होर्डिंग निकलवाने के साथ करोड़ों हिंदू धर्मावलंबियों से माफी मांगने की मांग की है। साथ ही प्रशासन और भाजपा से विधायक गोलू शुक्ला पर कार्रवाई करने की मांग की है। जोशी ने कहा कि धर्म और संस्कृति से दैदीप्यमान नगरी इंदौर में देवाधिदेव भगवान महादेव का यह अपमान सहन नहीं होगा। यदि शुक्ला ने होर्डिंग हटाकर माफी नहीं मांगी तो विधानसभा क्षेत्र क्रमांक तीन की जनता के साथ कांग्रेस कार्यकर्ता सड़क पर उतर कर अपना विरोध जताएंगे।

Tags:

Follow us

This question is not available..!