Tuesday, 29 Sep 2026

विधायक अपने क्षेत्र के विकास के लिए रोडमैप बनाएं: मुख्यमंत्री

भोपाल (03 जुलाई 24)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रदेश के हर क्षेत्र में विकास कार्य के लिए 4 साल का समय शेष है। सभी विधायक अपने-अपने विधानसभा क्षेत्र में जनता के बीच पहुँच कर विकास कार्य व्यवस्थित तरीके से करें। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की भावना के अनुरूप सभी कायों का क्रियान्वयन हो। चार साल का रोड मेप बनाएँ, राज्य शासन द्वारा विधानसभा क्षेत्र के विकास लिए चार साल में 60 करोड़ की राशि दी जाएगी। हर साल 15 करोड़ की राशि उपलब्ध कराई जाएगी। राशि खर्च करने के लिए वर्ष 2028 तक का योजना का रोडमैप तैयार कर ली जाए। नगरीय निकाय और जनपद पंचायतों के अंतर्गत जनता से सीधे जुड़ी योजनाओं को अच्छी तरह से क्रियान्वित करें। जनता से जुड़े सभी अभियानों में बेहतर योगदान दें। सबका विकास होगा तो प्रदेश का विकास होगा। जनता की समस्याओं के निकराकरण के लिए लगातार शिविर लगाए जाएं। स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण के लिए कार्य हों। 

मुख्यमंत्री डॉ. यादव मंगलवार को मुख्यमंत्री निवास के समत्व भवन में चंबल एवं ग्वालियर संभाग के विधायकों की संभागवार बैठक ले रहे थे। बैठक में संबंधित विधानसभा क्षेत्रों के विधायक मौजूद थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बैठक में जल गंगा अभियान के अंतर्गत किए गए कार्यों की भी जानकारी ली।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राज्य सरकार गौ-शालाओं के संचालन के लिए प्रति गाय 40 रुपए की राशि प्रतिदिन के मान से उपलब्ध कराएगी। गौ-शालाएं अच्छी तरह चलें। स्वस्थ्य पशु अपने घरों में रखें, लावारिस और अपाहिज गौ-वंश को गौशालाओं में जरूर रखा जाए। गौ-शाला संचालन का जनता के बीच अच्छा संदेश जाए। अपनी विधान सभा के लिए लीडर के रूप में अपनी छबि बनाएं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि पुलिस के कानूनों में एक जुलाई 2024 से जो बदलाव हुए हैं उनकी जानकारी आमजन को कार्यक्रमों के माध्यम से दी जाए। बदली गई धाराओं से नागरिकों को अवगत कराया जाए।




Tags:

Follow us

This question is not available..!