मुंबई (15 अक्टूबर 24)। चुनाव आयोग ने महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव का ऐलान कर दिया है। चुनाव आयोग मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर महाराष्ट्र में विधानसभा चुनावों की तारीखों की घोषणा की। महाराष्ट्र में एक चरण में 20 नवंबर को मतदान होगा और 23 नवंबर को मतगणना के बात नजीतों की घोषणा होगी। चुनाव के ऐलान के साथ ही नयी सरकार बनाने के लिए राजनीतिक दलों के बीच मुकाबले का मंच तैयार हो चुका है। आयोग ने मंगलवार को 48 विधानसभा क्षेत्रों के लिए उपचुनाव की भी घोषणा की है, उनमें उत्तर प्रदेश की नौ, राजस्थान की सात, पश्चिम बंगाल की छह, असम की पांच, बिहार की चार, पंजाब की चार, कर्नाटक की तीन, केरल की दो, मध्य प्रदेश की दो, सिक्किम की दो तथा छत्तीसगढ़, गुजरात, उत्तराखंड और मेघालय की एक-एक सीट शामिल हैं। सभी उपचुनाव के नतीजों का ऐलान 23 नवंबर को होगा।
बता दें कि महाराष्ट्र में विधानसभा का कार्यकाल 26 नवंबर को खत्म होगा। झारखंड की बात करें तो राज्य में विधानसभा का कार्यकाल अगले साल पांच जनवरी को समाप्त होने वाला है। वर्तमान में महाराष्ट्र में महायुति गठबंधन सत्ता में है। शिवसेना के एकनाथ शिंदे मुख्यमंत्री हैं. महाराष्ट्र सरकार शिवसेना, भाजपा और डिप्टी सीएम अजीत पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के बीच गठबंधन के साथ चल रही है। वहीं, महाराष्ट्र में विपक्ष की बात करे तो महा विकास अघाड़ी (एमवीए) गठबंधन सत्ता में वापसी के लिए तैयारी में जुटा हुआ है। महा विकास अघाड़ी में उद्धव बालासाहेब ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना, कांग्रेस और वरिष्ठ नेता शरद पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) शामिल हैं। महाराष्ट्र में साल 2019 में विधानसभा चुनाव हुआ था. नतीजे सामने आए तो महाराष्ट्र की राजनीति की रूप-रेखा पूरी तरह बदल गई।