जोरहाट (13 जून 26)। वायु सेना का एक माल वाहक विमान ए एन 32 शनिवार को असम के जोरहाट वायु सेना स्टेशन में दुर्घटनाग्रस्त हो गया जिसमें सवार पांच वायु सेनाकर्मी शहीद हो गये। हादसे में शहीद हुए वायुसेनाकर्मियों में दो अग्निवीर वायु भी शामिल हैं। वायु सेना के प्रवक्ता ने बताया कि इस दुर्घटना में स्क्वाड्रन लीडर प्रशांत सिंह, फ्लाइट लेफ्टिनेंट शुभम कुमार, सार्जेंट जितेंद्र शर्मा, अग्निवीरवायु खेमाराम कुमावत और अग्निवीरवायु दानिश आलम ने कर्तव्य की वेदी पर सर्वोच्च बलिदान दिया।
उन्होंने कहा कि वायु सेना को इस दुर्घटना में पांच वायुयोद्धाओं को खोने का गहरा दुख है। भारतीय वायु सेना शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करती है और दुख की इस घड़ी में मजबूती से उनके साथ खड़ी है। प्रवक्ता ने कहा है कि दुर्घटना की जांच के लिए कोटर् ऑफ इंक्वायरी का गठन किया गया है। यह मालवाहक विमान सुबह दस बजे के करीब जोरहाट वायु सेना स्टेशन पर उतरने के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हुआ। विमान के उतरते समय इसमें आग लग गयी, जिससे यह दुर्घटनाग्रस्त हो गया। विमान की दुर्घटना के कारणों का अभी पता नहीं चला है। यह विमान नियमित उडान पर था। विमान में आग लगने के बाद यह दो हिस्सों में टूट गया। शहीद वायुसेनाकमियों में विमान का पायलट भी शामिल है जबकि सह चालक घायल हुआ है। ए एन-32 दो इंजन वाला मालवाहक विमान है जो दशकों से वायु सेना के लिए लॉजिस्टिक्स का एक अहम ज़रिया रहा है। इसने देश भर में, खासकर ऊंचे इलाकों और दूर-दराज के हवाई क्षेत्रों में विभिन्न अभियानों में अहम भूमिका निभाई है।