Monday, 28 Sep 2026

वंदे भारत स्लीपर में होंगी फ्लाइट जैसी प्रीमियम सुविधाएं

नईदिल्ली (10 दिसंबर 25)। भारतीय रेलवे पटना से दिल्ली के बीच वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को अपनी नई प्रीमियम नाइट जर्नी सर्विस के रूप में लॉन्च करने की तैयारी में है। यह ट्रेन कुल 16 कोचों के साथ आएगी, जिनमें 11 AC3, 4 AC2 और 1 AC1 कोच शामिल होंगे। पूरी ट्रेन में कुल 827 बर्थ उपलब्ध होंगी-AC3 में 611, AC2 में 188 और AC1 में 24 बर्थ। आवश्यकता पड़ने पर यात्रियों की बढ़ती संख्या के आधार पर रेलवे इसमें अतिरिक्त कोच भी जोड़ेगा।

उम्मीद है कि यह वंदे भारत स्लीपर ट्रेन यात्रियों को कम किराए में बेहतरीन और प्रीमियम यात्रा अनुभव देगी। बेंगलुरु स्थित BEML फैक्ट्री में इसके पहले दो रैक लगभग तैयार हो चुके हैं। पहला रैक 12 दिसंबर को रेलवे को सौंपा जाएगा, जिसके बाद इसे दिल्ली–पटना रूट पर ट्रायल के लिए चलाया जाएगा। रेलवे की योजना है कि नए साल से पहले ही इस ट्रेन को नियमित रूप से शुरू कर दिया जाए, जिससे यात्रियों को तेज, आरामदायक और आधुनिक सुविधाओं वाली रात की यात्रा का नया विकल्प मिल सके। यह ट्रेन सप्ताह में छह दिन चलेगी। पटना से शाम को चलकर सुबह दिल्ली पहुंचेगी और दिल्ली से शाम में रवाना होकर अगली सुबह पटना पहुंच जाएगी। इसकी डिजाइनिंग में स्पीड, कम्फर्ट और प्रीमियम लुक को प्राथमिकता दी गई है। ट्रेन 160 किमी/घंटा की गति से चल सकेगी, जबकि इसकी अधिकतम हाईस्पीड क्षमता 180 किमी/घंटा है। तेज एक्सेलरेशन और कम दूरी में रुकने-चलने की क्षमता इसे अधिक समय बचाने वाली सेवा बनाती है।

फिलहाल देश में 164 चेयर कार वंदे भारत ट्रेनें सक्रिय हैं, जिन्हें चेन्नई स्थित ICF फैक्ट्री ने बनाया है। नया स्लीपर वर्जन खास तौर पर लंबी और रात की यात्राओं के लिए तैयार किया गया है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने संसद में बताया था कि स्लीपर वंदे भारत पूरी तरह भारत में डिजाइन और निर्मित है और इसके दो रैक ट्रायल प्रोसेस में हैं। इस ट्रेन के इंटीरियर को आधुनिक और आरामदायक बनाया गया है। हर बर्थ के लिए USB रीडिंग लैंप दिया गया है, जिससे यात्री बिना किसी को परेशान किए पढ़ सकें। रियल-टाइम पैसेंजर इंफॉर्मेशन सिस्टम के जरिए ट्रेन की लोकेशन, अगला स्टेशन और जरूरी अपडेट स्क्रीन व ऑडियो के माध्यम से मिलते रहेंगे। इसके अलावा, Wi-Fi, इंफोटेनमेंट और ताज़ा भोजन उपलब्ध कराने के लिए मॉड्यूलर पैंट्री भी दी गई है। 

Tags:

Follow us

This question is not available..!