Monday, 28 Sep 2026

लोकतंत्र को बचाने के लिए मतदान करें: सुनीता केजरीवाल

नईदिल्ली (28 अप्रैल 24)। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता ने रविवार को खुद को ‘मां भारती की बेटी' बताते हुए लोगों से ‘तानाशाही' के विरुद्ध तथा लोकतंत्र को बचाने के लिए मतदान करने की अपील की। पश्चिम दिल्ली लोकसभा क्षेत्र में आम आदमी पार्टी (आप) के प्रत्याशी महाबल मिश्रा के समर्थन में प्रचार करते हुए उन्होंने अपने पति को ‘शेर' करार दिया और कहा कि कोई उन्हें तोड़ नहीं सकता। एक वाहन पर खड़ी सुनीता ने मतदाताओं का अभिवादन किया। इस रोड शो के दौरान उन पर पुष्प बरसाये गये।

सुनीता ने कहा कि ‘आपका मुख्यमंत्री शेर है। कोई उन्हें तोड़ नहीं सकता, न ही उन्हें झुका सकता। वह मां भारती के सपूत हैं। मां भारती की बेटी के तौर पर मैं आपसे तानाशाही के विरोध में एवं लोकतंत्र को बचाने के लिए मतदान करने की अपील करती हूं। कृपया, अपने वोट का महत्व समझिए।' एक धनशोधन मामले में केजरीवाल के सलाखों के पीछे रहने के बीच उनकी पत्नी सुनीता लगातार आप के चुनाव प्रचार की अगुवाई कर रही हैं तथा रोड शो कर रही हैं। पार्टी नेताओं ने बताया कि सुनीता केजरीवाल दक्षिण दिल्ली एवं नयी दिल्ली लोकसभा क्षेत्रों तथा गुजरात, हरियाणा एवं पंजाब में भी आप प्रत्याशियों के लिए प्रचार करेंगी।

Tags:

Follow us

This question is not available..!