मनाली (16 सितंबर 24)। देश व दुनिया के सैलानियों को गर्मियों में बर्फ के दीदार करवाने वाले 13050 फुट ऊंचे पर्यटन स्थल रोहतांग दर्रे व पीर पंजाल की पहाड़ियों सहित बारालाचा व कुंजुम दर्रे ने बर्फ की सफेद चादर ओढ़ ली है। रोहतांग दर्रे में हिमपात के साथ ठंड बढ़ गई है। अटल टनल के साथ लगती पहाड़ियां भी बर्फ से सफेद हो गई हैं। हालांकि दर्रों में ज्यादा हिमपात न होने से राहगीरों को कोई परेशानी नहीं हुई लेकिन बर्फबारी ने सर्दियां शीघ्र शुरू होने के संकेत दे दिए हैं। मनाली-लेह मार्ग के बारालाचा दर्रे में 3 इंच हिमपात हुआ है, जिससे वाहन चालकों को दिक्कतें हुई हैं।
रविवार को मनाली-लेह मार्ग पर सफर करने वाले पर्यटकों ने बर्फ के फाहों का आनंद लिया। मनाली के फिल्म शूटिंग को-ऑर्डीनेटर राकेश रावत ने कहा कि पहाड़ों पर हो रहे हिमपात से शूटिंग कारोबार भी गति पकड़ेगा। उन्होंने बताया कि बड़ी फिल्म यूनिट उनके सम्पर्क में है। अच्छा हिमपात होने की सूरत में फिल्म यूनिट भी मनाली में दस्तक देंगी। पर्यटन कारोबारी रोशन ठाकुर ने कहा कि दर्रों में हो रहे हिमपात से पर्यटन कारोबार को गति मिलेगी। उधर, बीआरओ कमांडर ने बताया कि रोहतांग सहित सभी दर्रों में हिमपात हुआ है लेकिन यातायात सुचारू है।