रोहतक (06 जून 24)। केंद्रीय अप्रत्यक्ष कर और सीमा शुल्क बोर्ड (सीबीआईसी) के अध्यक्ष संजय कुमार अग्रवाल ने हरियाणा के रोहतक में सीजीएसटी रोहतक कमिश्नरेट के एक आधिकारिक परिसर जीएसटी भवन का उद्घाटन किया। इस अवसर पर केंद्रीय अप्रत्यक्ष कर और सीमा शुल्क बोर्ड के सदस्य (जीएसटी, कानूनी, सीएक्स और एसटी); शशांक प्रिया, मुख्य आयुक्त सीजीएसटी पंचकूला जोन मनोज कुमार श्रीवास्तव, सीबीआईसी के वरिष्ठ अधिकारी और सीजीएसटी रोहतक कमिश्नरेट, पंचकूला जोन के अधिकारी और स्टाफ भी उपस्थित थे।
रोहतक में सबसे पसंदीदा स्थानों में स्थित यह परियोजना हरियाणा के प्रमुख जिलों से कनेक्टिविटी के केंद्र में है और जीएसटी करदाताओं को आसान व त्वरित पहुंच की सुविधा प्रदान करती है। यह रोहतक बस स्टैंड से लगभग 3 किमी की दूरी पर है। अमृत काल में परियोजना का उद्घाटन नए भारत की शक्ति को दिखाता है। अग्रवाल ने इस अवसर पर उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए इस बात पर संतोष व्यक्त किया कि उच्च गुणवत्ता सुनिश्चित करते हुए और कार्य क्षेत्र के भविष्य की जरूरतों को पूरा करते हुए कोविड-19 महामारी के बावजूद परियोजना आवंटित बजट के भीतर पूरी हो गई।