Sunday, 27 Sep 2026

रिटा. एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा राम मंदिर ट्रस्ट के CEO

अयोध्या (03 सितंबर 26)। अयोध्या स्थित राम मंदिर की व्यवस्थाओं में बड़े प्रशासनिक बदलाव की तैयारी है। श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने रिटायर्ड एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा को ट्रस्ट का पहला मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) नियुक्त करने का फैसला किया है। बुधवार को हुई ट्रस्ट की अहम बैठक में उनके नाम पर मुहर लगाई गई। रिटायर्ड एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा मूल रूप से उत्तर प्रदेश के देवरिया के रहने वाले हैं। वह 30 अप्रैल 2026 को भारतीय वायुसेना से सेवानिवृत्त हुए हैं। अपने 38 साल से अधिक लंबे सैन्य करियर के दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण कमांड और स्टाफ पदों पर जिम्मेदारियां संभालीं। वह वायुसेना की पश्चिमी कमान के प्रमुख भी रह चुके हैं।

जितेंद्र मिश्रा ने कारगिल युद्ध के दौरान भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। इसके अलावा, हालिया ऑपरेशन सिंदूर में भी उन्होंने अहम जिम्मेदारी निभाई। उनकी सेवाओं के लिए उन्हें सर्वोत्तम युद्ध सेवा मेडल, अति विशिष्ट सेवा मेडल और विशिष्ट सेवा मेडल से सम्मानित किया जा चुका है। अपने करियर में वह फाइटर स्क्वाड्रन के कमांडिंग ऑफिसर, एयरक्राफ्ट एंड सिस्टम्स टेस्टिंग एस्टेब्लिशमेंट (ASTE) के चीफ टेस्ट पायलट, दो फ्रंटलाइन एयरबेस के एयर ऑफिसर कमांडिंग और एयर मुख्यालय में कई महत्वपूर्ण पदों पर रह चुके हैं। वह ASTE के कमांडेंट और इंटीग्रेटेड डिफेंस स्टाफ में डिप्टी चीफ की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। सेवानिवृत्ति से पहले वह इंटीग्रेटेड डिफेंस स्टाफ (ऑपरेशन्स) के डिप्टी चीफ थे। राम मंदिर की व्यवस्थाओं को लेकर सामने आए दान में कथित अनियमितताओं और चोरी के आरोपों के बाद ट्रस्ट की कार्यप्रणाली में बदलाव की जरूरत महसूस की गई। इसके बाद मंदिर की प्रशासनिक व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए एक CEO नियुक्त करने का फैसला लिया गया था।

CEO पद के लिए पूर्व IPS अधिकारी राजेश पांडे, पूर्व IAS अधिकारी दिनेश चंद्र, रिटायर्ड IAS अधिकारी योगेश्वर राम मिश्रा और पूर्व IPS अधिकारी परेश सक्सेना समेत कई नामों पर चर्चा हुई। अंत में रिटायर्ड एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा के नाम को मंजूरी दी गई। CEO की नियुक्ति से पहले राम मंदिर ट्रस्ट में तीन नए ट्रस्टी भी शामिल किए गए हैं। इनमें दिल्ली के महेश भागचंदका, अयोध्या के मदन मोहन पांडे और शिकोहाबाद की निर्मला यादव शामिल हैं। बताया जा रहा है कि महेश भागचंदका का संबंध विश्व हिंदू परिषद के दिवंगत नेता अशोक सिंघल के परिवार से है। ट्रस्ट की बैठक में तीनों नए सदस्यों की नियुक्ति पर भी चर्चा हुई।

Tags:

Follow us

This question is not available..!