गुवाहाटी (18 मई 24)। असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने शनिवार को आरोप लगाया कि कांग्रेस के नेता राहुल गांधी अपनी रैलियों में भारत के बजाय चीन का संविधान दिखा रहे हैं। भाजपा नेता ने दावा किया कि गांधी जो किताब दिखा रहे हैं वह मूल चीनी संविधान की तरह लाल कवर वाली है, जबकि मूल भारतीय संविधान पर नीला कवर है।
शर्मा ने ‘एक्स' पर लिखा, 'राहुल अपनी सभाओं में भाग लेने वालों को लाल चीनी संविधान दिखा रहे हैं।” इसके जवाब में कई सोशल मीडिया उपयोगकर्ताओं ने कहा कि लाल कवर वाला संविधान एक खास संस्करण है, जिसे राष्ट्रपति और केंद्रीय गृह मंत्री समेत शीर्ष भारतीय नेता प्रस्तुत कर चुके हैं। शर्मा ने कहा कि नीले रंग के भारतीय संविधान में राज्य के नीति निर्देशक सिद्धांत नामक एक अध्याय शामिल है, जिसके तहत हमारे देश में समान नागरिक संहिता लागू करना एक पवित्र कर्तव्य है; राहुल अब इसका विरोध कर रहे हैं।'
मुख्यमंत्री ने कहा, 'इसलिए मुझे लगता है कि उनके हाथ में दिखने वाला संविधान चीनी है।' हालांकि कई सोशल मीडिया उपयोगकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और पूर्व राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद की तस्वीरें साझा कीं, जिनमें वही भारतीय संविधान दिख रहा है, जो गांधी अपनी सभाओं में दिखाते हैं।