नईदिल्ली (25 जून 26)। देश की 'ऊपरी अदालत' यानी राज्यसभा के माननीय सांसदों की धन-दौलत और उनके दागी रिकॉर्ड को लेकर एक चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म की ताज़ा रिपोर्ट के मुताबिक, राज्यसभा के 226 सांसदों के पास कुल मिलाकर 26,047 करोड़ रुपये की चल-अचल संपत्ति है। रिपोर्ट में पंजाब के लिए दिलचस्प आंकड़े सामने आए हैं, जहां राज्य से एक सांसद देश के दूसरे सबसे अमीर हैं, तो वहीं दूसरे सांसद सबसे कम संपत्ति वाले हैं।
ADR की रिपोर्ट के अनुसार, धनकुबेरों की सूची में पंजाब से भाजपा सांसद राजिंदर गुप्ता दूसरे नंबर पर हैं। उनके पास 5,053 करोड़ रुपये की विशाल संपत्ति है। वहीं, इसके बिल्कुल उलट पंजाब से ही आम आदमी पार्टी के सांसद संत बलबीर सिंह देश के सबसे कम संपत्ति वाले सांसद बनकर उभरे हैं। उनके पास मात्र 3.79 लाख रुपये की संपत्ति घोषित है। रिपोर्ट के मुताबिक, राज्यसभा के 14 प्रतिशत यानी 31 सांसद अरबपति हैं। तेलंगाना के सांसद सबसे अमीर हैं, जहां 7 में से 4 सांसद अरबपति हैं। देश के सबसे अमीर सांसद तेलंगाना के डॉ. बंदी पार्थ सराधी हैं, जिनकी कुल संपत्ति 5,300 करोड़ रुपये से अधिक है। कांग्रेस के अभिषेक मनु सिंघवी 2,558 करोड़ रुपये के साथ तीसरे स्थान पर हैं।
संपत्ति के साथ-साथ सांसदों के आपराधिक रिकॉर्ड भी चिंताजनक हैं। रिपोर्ट के अनुसार: 31% (69 सांसद) के खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज हैं। 16% (36 सांसद) पर गंभीर आपराधिक मामले हैं, जिनमें 5 साल से ज्यादा की सजा का प्रावधान है। एक सांसद पर हत्या और 4 सांसदों पर हत्या की कोशिश के मामले दर्ज हैं। 4 सांसदों पर महिलाओं के खिलाफ अत्याचार से जुड़े मामले भी चल रहे हैं। आपराधिक मामलों में भाजपा के 107 में से 28 (26%), कांग्रेस के 29 में से 12 (41%), और तृणमूल कांग्रेस के 9 में से 2 सांसदों पर केस दर्ज हैं। सपा और आरजेडी जैसी पार्टियों के भी आधे से अधिक सांसदों पर आपराधिक मामले हैं।