Tuesday, 29 Sep 2026

राम मंदिर से चिढे लोग, कुंभ को कोस रहे: मोदी

भागलुपर (25 फरवरी 25)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के प्रमुख लालू प्रसाद द्वारा महाकुंभ को लेकर की गयी टिप्पणी की ओर इशारा करते हुए सोमवार को कहा कि राम मंदिर से चिढने वाले लोग महाकुंभ को कोसने का कोई मौका नहीं छोड़ रहे हैं लेकिन ऐसे लोगों को बिहार कभी भी माफ नहीं करेगा। बिहार के भागलुपर जिले में किसान सम्मान निधि की 19 वीं किस्त जारी किये जाने को लेकर आयोजित एक कार्यक्रम में मोदी ने अपने संबोधन में प्रसाद पर प्रहार करते हुए कहा, 'राजग सरकार भारत की गौरवशाली विरासत के संरक्षण और वैभवशाली भविष्य के निर्माण के लिए एक साथ काम कर रही है, लेकिन यह जो जंगल राज वाले हैं, इनको हमारी धरोहर से, हमारी आस्था से नफरत है।'

राजद सुप्रीमो पर अपना प्रहार जारी रखते हुए मोदी ने कहा, 'इस समय प्रयागराज में एकता का महाकुंभ चल रहा है। यह भारत की आस्था, एकता और समरसता का सबसे बड़ा महोत्सव है । पूरे यूरोप की जितनी जनसंख्या है, उससे भी ज्यादा लोग अब तक महाकुंभ में डुबकी लगा चुके हैं। बिहार से भी श्रद्धालु महाकुंभ होकर आ रहे हैं लेकिन यह जंगल राज वाले महाकुंभ को ही गाली दे रहे हैं। वे महाकुंभ को लेकर भद्दी-भद्दी बातें कर रहे हैं।'' उन्होंने कहा, ‘‘राम मंदिर से चिढने वाले लोग महाकुंभ को भी कोसने का कोई मौका नहीं छोड़ रहे हैं। मैं जानता हूं कि महाकुंभ को गाली देने वाले ऐसे लोगों को बिहार कभी भी माफ नहीं करेगा।' उन्होंने कहा, ‘पूर्वोदय से ही विकसित भारत का उदय होगा और हमारा बिहार, पूर्वी भारत का सबसे अहम स्तंभ है। बिहार, भारत के सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। राजद के लंबे कुशासन ने बिहार को बर्बाद किया, बिहार को बदनाम किया लेकिन अब विकसित भारत में बिहार का वही स्थान होगा जो प्राचीन समृद्ध भारत में पाटलिपुत्र का था।'

Tags:

Follow us

This question is not available..!