इंदौर (28 सितंबर 26)। रविवार को राजबाड़ा इलाके में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सरकारी PM सिटी बस ने सड़क से गुजर रहे तीन लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में गणेश उर्फ़ पिंटू पिता केशव छोटा बांगड़दा नमक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि राजेश और एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए और देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया।
पुलिस के मुताबिक, हादसा एमजी रोड थाना क्षेत्र के राजबाड़ा इलाके में हुआ। बताया जा रहा है कि PM सिटी बस सड़क से गुजर रही थी। इसी दौरान तीन लोग बस की चपेट में आ गए। हादसा इतना गंभीर था कि तीनों लोग बुरी तरह घायल हो गए।मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत घायलों को संभाला और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद तीनों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। एक घायल गणेश उर्फ़ पिंटू को एमवाय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, दो अन्य घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है। हादसे के बाद राजबाड़ा पर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। मौके पर मौजूद लोगों ने पहले बस में बैठी सवारियों को बाहर निकाला। इसके बाद भीड़ ने बस को निशाना बनाते हुए ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। भीड़ ने बस के कांच फोड़ दिए और जमकर तोड़फोड़ की। अचानक हुए इस घटनाक्रम से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
एमजी रोड टीआई विजय सिसौदिया के मुताबिक, शुरुआती जानकारी में बस चालक की लापरवाही सामने आई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों के साथ-साथ बस चालक की भूमिका भी जांची जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि हादसे के समय बस की गति कितनी थी और किन परिस्थितियों में तीनों लोग बस की चपेट में आए।