राजकोट (25 मई 24)। गुजरात के राजकोट शहर में शनिवार शाम एक ‘गेमिंग जोन' में भीषण आग लग गई, जिसमें 22 लोगों की झुलसने से मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। राजकोट के पुलिस आयुक्त राजू भार्गव ने मीडियाकर्मियों को बताया, ‘टीआरपी गेमिंग जोन में आग लग गई और कुछ लोगों के हताहत होने की सूचना है।' उन्होंने कहा कि आग पर काबू पाने के प्रयास जारी हैं।
अधिकारी ने कहा कि आग पर काबू पा लेने के बाद ही हताहतों के बारे में पता चल सकेगा। उन्होंने कहा, ‘आग पर काबू पाने के बाद ही हम जोन के अंदर हताहतों की सही संख्या का पता लगा पाएंगे। हम आग के कारणों की भी जांच करेंगे और शहर के सभी गेमिंग जोन को बंद करने का संदेश जारी कर दिया गया है।'
मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने ‘एक्स' पर पोस्ट में कहा कि नगर प्रशासन को ‘गेम जोन' में तत्काल बचाव और राहत अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। पटेल ने पोस्ट किया, ‘राजकोट के गेम जोन में आग लगने की घटना में नगर निगम और प्रशासन को तत्काल बचाव और राहत अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। घायलों के तत्काल उपचार की व्यवस्था को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए हैं।'