नईदिल्ली (26 जून 24)। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस भारत के ग्रामीण क्षेत्रों में लाखों खादी के कारीगरों के लिए विशेष प्रसन्नता लेकर आया। 21 जून को मनाए गए अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर, सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्रालय के खादी और ग्रामोद्योग आयोग (केवीआईसी) ने देश भर में 55 खादी संस्थाओं के माध्यम से विभिन्न सरकारी विभागों को 8,67,87,380 रुपये मूल्य के 1,09,022 योग-मैट और 63,700 योग परिधानों की बिक्री की। आंकड़े जारी करते हुए केवीआईसी के अध्यक्ष श्री मनोज कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की 'ब्रांड पावर' ने योग के साथ-साथ खादी की भारतीय विरासत को भी लोकप्रिय बना दिया है। खादी परिवार के लिए यह खुशी की बात है कि इस बार हमारे खादी कारीगरों द्वारा बनाए गए विशेष योग परिधानों और चटाईयों की रिकॉर्ड बिक्री हुई है। उन्होंने आगे कहा कि इस बार योग दिवस पर प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने श्रीनगर में और केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने अहमदाबाद में खादी के योग परिधान पहनकर योग किया। यह खादी कारीगरों के लिए गर्व की बात है।