Saturday, 03 Oct 2026

यूथ कांग्रेस अध्यक्ष की गिरफ्तारी पर कांग्रेस ने सरकार को घेरा

नईदिल्ली (25 फरवरी 26)। कांग्रेस ने 'एआई इम्पैक्ट समिट' में विरोध प्रदर्शन के मामले में पार्टी की युवा इकाई के अध्यक्ष उदय भानु चिब की गिरफ्तारी को मंगलवार को तानाशाही प्रवृत्ति तथा कायरता का प्रमाण बताते हुए कहा कि वह ऐसे कदमों से डरने वाली नहीं है तथा देश को गिरवी रखने वाले लोगों के खिलाफ संघर्ष जारी रहेगा। पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने चिब की गिरफ्तारी की निंदा करते हुए कहा कि सत्ता को सच का आईना दिखाना अपराध नहीं, देशभक्ति है। 

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी खुद 'डरपोक' हैं और अपनी नीतियों का बचाव नहीं कर पाने की वजह से वह युवा कांग्रेस के लोगों को डराने की कोशिश कर रहे हैं। युवा कांग्रेस के कई कार्यकर्ताओं ने भारत-अमेरिका व्यापार अंतरिम समझौते का विरोध करते हुए पिछले दिनों 'एआई इंपैक्ट समिट' के आयोजन स्थल पर शर्ट उतारकर प्रदर्शन किया था। इस मामले में दिल्ली पुलिस ने मंगलवार को चिब को गिरफ्तार कर लिया। युवा आज नौकरी के लिए तड़प रहे हैं और देश का माहौल इतना खराब हो चुका है, उसके कारण मोदी जी के प्रति लोगों में भारी रोष है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने 'एक्स' पर पोस्ट किया, "शांतिपूर्ण विरोध हमारी ऐतिहासिक धरोहर है। यह हमारे खून में है और हर भारतीय का लोकतांत्रिक अधिकार है। मुझे युवा कांग्रेस के अपने बब्बर शेर साथियों पर गर्व है, जिन्होंने 'कम्प्रोमाइज्ड पीएम' (समझौता कर चुके प्रधानमंत्री) के खिलाफ निडर होकर देश के हित में आवाज़ उठाई है।' उन्होंने आरोप लगाया कि अमेरिका के साथ हुए व्यापार समझौते में देश के हितों से समझौता किया गया है और यह समझौता किसानों और कपड़ा उद्योग को नुकसान पहुंचाएगा तथा भारत के डेटा को अमेरिका के हाथों में सौंप देगा। उन्होंने कहा, 'इस सच्चाई को देश के सामने रखने के लिए युवा कांग्रेस अध्यक्ष उदय भानु चिब और युवा कांग्रेस के अन्य साथियों की गिरफ्तारी तानाशाही प्रवृत्ति और कायरता का प्रमाण है।' कांग्रेस नेता ने कहा, 'कांग्रेस पार्टी और मैं अपने बब्बर शेर साथियों के साथ मज़बूती से खड़े हैं। सत्ता को सच का आईना दिखाना अपराध नहीं, देशभक्ति है, डरो मत - सच और संविधान हमारे साथ हैं।' खरगे ने 'एक्स' पर पोस्ट किया, 'युवा आज नौकरी के लिए तड़प रहे हैं और देश का माहौल इतना खराब हो चुका है, उसके कारण मोदी जी के प्रति लोगों में भारी रोष है।' उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के सामने घुटने टेक दिए तथा उनकी सारी शर्तों को मान लिया, जिससे पूरा देश शर्मिंदा हो गया।






Tags:

Follow us

This question is not available..!