Sunday, 27 Sep 2026

युवा नौकरी तलाशने वाले नहीं, रोजगार देने वाले बनें: नबीन

हल्द्वानी (11 सितंबर 26)। उत्तराखंड के लिए पलायन को एक गंभीर चुनौती बताते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष नितिन नबीन ने बृहस्पतिवार को युवाओं से कहा कि वे केवल नौकरी तलाशने वाले नहीं, बल्कि रोजगार देने वाले बनने की दिशा में आगे बढ़ें। अपने दो दिवसीय दौरे के दूसरे दिन नबीन ने यहां युवाओं से संवाद किया और उत्तराखंड के विकास तथा भविष्य की चुनौतियों पर चर्चा की। नबीन ने युवाओं से अपनी ऊर्जा, प्रतिभा और कौशल का सकारात्मक उपयोग करते हुए राज्य को आत्मनिर्भर और विकसित बनाने में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

नबीन ने कहा कि उत्तराखंड के सामने पलायन एक गंभीर चुनौती है तथा रोजगार और बेहतर अवसरों की तलाश में बड़ी संख्या में युवाओं का राज्य से बाहर जाना चिंता का विषय है। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि पलायन रोकने के लिए केवल सरकारी नौकरियों पर निर्भर रहने के बजाय युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार और स्वरोजगार के अवसरों का विस्तार करना होगा। उन्होंने कहा कि इसके लिए शिक्षा, कौशल विकास, उद्यमिता और स्थानीय संसाधनों पर आधारित रोजगार को बढ़ावा देना जरूरी है। नबीन ने कहा कि युवा केवल नौकरी पाने की सोच तक सीमित न रहें, बल्कि अपनी क्षमता और कौशल के आधार पर रोजगार देने वाले बनने की दिशा में भी आगे बढ़ें। उन्होंने कहा कि स्टार्टअप, स्वरोजगार और स्थानीय स्तर पर उद्यमिता के माध्यम से युवा न केवल अपने लिए अवसर पैदा कर सकते हैं, बल्कि अन्य लोगों को भी रोजगार उपलब्ध करा सकते हैं। नवीन ने कहा कि किसी भी प्रदेश की प्रगति में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है। उत्तराखंड का भविष्य यहां के युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा और नवाचार से तय होगा। उन्होंने कहा कि युवाओं की आकांक्षाओं और जरूरतों को नीतियों तथा विकास योजनाओं से जोड़ना जरूरी है, ताकि प्रदेश में उनके लिए बेहतर अवसर तैयार किए जा सकें।

संवाद के दौरान युवाओं ने उत्तराखंड में रोजगार के अवसर बढ़ाने, शिक्षा और कौशल विकास को मजबूत करने तथा पलायन की समस्या के समाधान को लेकर नबीन से सवाल पूछे। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सरकार की विभिन्न योजनाओं और उनके जमीनी स्तर पर पड़ रहे प्रभाव को लेकर अपने अनुभव भी साझा किए। युवाओं ने सरकार की योजनाओं में सुधार और उन्हें जरूरतों के अनुरूप अधिक प्रभावी बनाने के संबंध में सुझाव दिए। इससे पहले, नबीन लालकुआं क्षेत्र के हल्दूचौड़ में अनुसूचित जाति से संबंध रखने वाले बूथ अध्यक्ष राकेश आर्य के घर पहुंचे और उनकी बुजुर्ग माता से आशीर्वाद लिया। उन्होंने परिवार के अन्य सदस्यों से भी मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी उनके साथ मौजूद रहे। 

Tags:

Follow us

This question is not available..!