Monday, 28 Sep 2026

युवा कांग्रेस का हल्ला बोल, वॉटर कैनन से रोका

शाजापुर (25 अगस्त 26)। मध्य प्रदेश के शाजापुर में सोमवार को युवा कांग्रेस ने सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। किसानों, बेरोजगारी, महंगाई और छात्रों से जुड़े मुद्दों को लेकर आयोजित ‘युवा कांग्रेस का हल्ला बोल’ कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता जुटे। प्रदर्शन में युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब, प्रदेश अध्यक्ष यश लखन घनघोरिया समेत आसपास के जिलों से आए नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए।

कार्यक्रम की शुरुआत बस स्टैंड क्षेत्र में सभा से हुई। यहां कांग्रेस नेताओं ने केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों को लेकर सवाल उठाए और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के इस्तीफे की मांग को लेकर नारेबाजी की। सभा के बाद कार्यकर्ता कलेक्टोरेट का घेराव करने के लिए आगे बढ़े। प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस-प्रशासन ने कलेक्टोरेट की ओर जाने वाले रास्तों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे। प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए तीन स्तर की बैरिकेडिंग की गई थी। जैसे ही कांग्रेस कार्यकर्ता पहले बैरिकेड तक पहुंचे, पुलिस ने उन्हें आगे बढ़ने से रोकने का प्रयास किया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए फायर ब्रिगेड की मदद से प्रदर्शनकारियों पर वॉटर कैनन का इस्तेमाल किया गया। पानी की बौछार के बावजूद कार्यकर्ता आगे बढ़ने की कोशिश करते रहे, जिसके बाद पुलिस ने मोर्चा संभालते हुए नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेना शुरू कर दिया।

प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदयभानु चिब, प्रदेश अध्यक्ष यश लखन घनघोरिया, जिला अध्यक्ष सहित कई नेताओं को हिरासत में लिया। सभी को पुलिस बस में बैठाकर मौके से ले जाया गया। प्रदर्शन स्थल पर कुछ समय के लिए तनावपूर्ण स्थिति बनी रही, हालांकि पुलिस बल की मौजूदगी में हालात को नियंत्रित कर लिया गया। युवा कांग्रेस ने प्रदर्शन के जरिए किसानों की समस्याओं, युवाओं में बेरोजगारी, बढ़ती महंगाई और छात्रों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि सरकार को इन मुद्दों पर जवाब देना चाहिए और युवाओं व किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए। जिला कांग्रेस अध्यक्ष नरेश्वर सिंह प्रताप ने कहा कि प्रदर्शन का मकसद छात्रों और युवाओं की आवाज को मजबूती से सरकार तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस किसानों, युवाओं और आम लोगों से जुड़े सवालों को लेकर आगे भी आंदोलन जारी रखेगी।

Tags:

Follow us

This question is not available..!