Monday, 28 Sep 2026

युवाओं पर नहीं मजदूरों पर भी लाठी चलाई: खरगे

नईदिल्ली (11 अगस्त 26)। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने सोमवार को आरोप लगाया कि नरेन्द्र मोदी सरकार ने मनरेगा को खत्म कर उसके स्थान पर विकसित भारत -जी राम जी योजना थोपकर गरीब मजदूरों की न्यूनतम आर्थिक एवं सामाजिक सुरक्षा छीन ली है। खरगे ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा कि भाजपा ने केवल युवाओं पर ही नहीं, बल्कि देश के मेहनतकश मजदूरों पर भी लाठी चलाई है। उन्होंने दावा किया कि मोदी सरकार में मनरेगा को खत्म कर करोड़ों परिवारों से काम का अधिकार छीना गया और इसके बदले वीबी-जी राम जी योजना लागू की गई, जिससे 50 प्रतिशत मजदूरों का रोजगार खत्म हो गया।

कांग्रेस अध्यक्ष ने एक खबर का हवाला देते हुए केंद्र सरकार से सवाल किया कि राज्यों को मनरेगा के 17,144 करोड़ रुपये के बकाया कोष का भुगतान किया गया है या नहीं। उन्होंने सूखाग्रस्त राज्यों को दी गई मदद पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि खरीफ फसल की बुआई में 26.50 प्रतिशत की कमी आई है और पूछा कि क्या सरकार को इसकी कोई चिंता है। खरगे ने यह भी सवाल किया कि वीबी-जी राम जी योजना के वित्त पोषण पर, जिसको लेकर भाजपा शासित राज्यों ने पुनर्विचार की मांग की थी, केंद्र सरकार ने कोई कदम उठाया है या नहीं? उन्होंने आरोप लगाया, 'जब देश के गरीब मजदूरों को सबसे ज्यादा नुकसान झेलना पड़ रहा है, तब मोदी सरकार उनकी 'न्यूनतम आर्थिक एवं सामाजिक सुरक्षा' छीनकर उनका उपहास उड़ा रही है।' 

Tags:

Follow us

This question is not available..!