Saturday, 03 Oct 2026

युद्ध खत्म कराने में मोदी की‘गहरी रुचि‘: पुतिन

मॉस्को (04 अक्टूबर 26)। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने रूस-यूक्रेन संघर्ष को समाप्त कराने के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा है कि मोदी रूस के साथ भारत की घनिष्ठ मित्रता और उनके साथ अच्छे व्यक्तिगत संबंधों के बावजूद युद्ध समाप्त करने का मुद्दा तटस्थ तरीके से उठाते रहे हैं। पुतिन ने कहा कि मोदी के पास यूक्रेन संघर्ष को समाप्त करने के विषय में कुछ-‘बहुत अच्छे सुझाव' भी हैं। रूसी राष्ट्रपति ने मॉस्को में वाल्दाई डिस्कशन क्लब के पूर्ण सत्र को संबोधित करते हुए यूक्रेन संघर्ष समाप्त करने के लिए मोदी के लगातार संवाद और कूटनीति के प्रयासों का विशेष रूप से उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि भारत और रूस के बीच घनिष्ठ और मैत्रीपूर्ण संबंधों के बावजूद मोदी रूस के साथ अपनी बैठकों में लगातार इस मुद्दे को उठाते रहे हैं।  

पुतिन ने कहा कि मोदी ने 'दोनों पक्षों को स्वीकार्य समाधान खोजने के लिए कुछ 'बहुत अच्छे सुझाव' भी प्रस्तुत किए हैं। उन्होंने इसका ब्योरा नहीं दिया। उन्होंने कहा, 'प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उन विश्व नेताओं में से एक हैं, जो हमारे बहुत अच्छे और यहां तक कि मैत्रीपूर्ण संबंधों तथा व्यक्तिगत रूप से अच्छे संबंध होने के बावजूद, लगातार यूक्रेन में संघर्ष को समाप्त करने का सवाल उठाते हैं और इस बारे में पूछते रहते हैं।' उन्होंने कहा कि मोदी संघर्ष समाप्त करने में 'गहरी रुचि' रखते हैं और उन्होंने ऐसे विचार प्रस्तुत किए हैं, जिनका उद्देश्य सभी पक्षों को स्वीकार्य समाधान तलाशना है। उन्होंने कहा, 'उनके पास परस्पर स्वीकार्य समाधान खोजने के उद्देश्य से बहुत अच्छे विचार हैं। इस अर्थ में प्रधानमंत्री निश्चित रूप से तटस्थ रुख रखते हैं, लेकिन वे संघर्ष को समाप्त करने में रुचि रखते हैं। मैं केवल यह स्पष्ट रूप से कहना अपना कर्तव्य समझता हूं।'

पुतिन ने भारत के प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा, 'हम प्रधानमंत्री के विचारों और इस संघर्ष को समाप्त कराने के प्रति उनकी प्रतिबद्धता के लिए , जिसमें शांतिपूर्ण और यथाशीघ्र समाधान के प्रति प्रतिबद्धता भी शामिल है, उनके आभारी हैं।' उन्होंने संघर्ष के समाधान के लिए मोदी के सुझावों का ब्योरा नहीं दिया और इसे यह कह कर विराम दिया ' मैं अभी इनके विवरण में नहीं जाऊंगा।' उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री मोदी बार-बार कहते आ रहे है कि यह युद्ध का समय नहीं है। रूस-यूक्रेन युद्ध का समाधान शांतिपूर्ण तरीके से किया जाना चाहिए। मोदी ने इसके लिए पुतिन तथा यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर ज़ेलेंस्की, दोनों से संपकर् बनाए रखा है। मोदी ने गत 11 सितंबर को नयी दिल्ली में आयोजित 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के दौरान पुतिन के साथ अलग से बैठक की थी। इस दौरान उन्होंने दोहराया था कि युद्ध के समाधान का रास्ता संवाद और कूटनीति है। दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय आर्थिक सहयोग तथा भारत-रूस साझेदारी के अन्य क्षेत्रों पर भी चर्चा की थी। 

Tags:

Follow us

This question is not available..!