भुवनेश्वर (12 जून 24)। मोहन मांझी ओडिशा के नए मुख्यमंत्री होंगे। बीजेपी विधायक दल की बैठक में मोहन मांझी को नेता चुना गया। इसके साथ ही केवी देव सिंह और प्रभाती परिदा दो डिप्टी सीएम भी बनाए गए हैं। ओडिशा में नई सरकार कल शपथ लेगी। सूत्रों के मुताबिक, शपथग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजना सिंह शामिल हो सकते हैं। इसके अलावा बीजेपी शासित राज्यों के मुख्यमंत्री भी शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हो सकते हैं। शपथग्रहण समारोह में ओडिशा के निवर्तमान मुख्यमंत्री नवीन पटनायक भी शामिल हो सकते हैं। बीजेपी के पांच नेताओं ने नवीन पटनायक को शपथग्रहण में शामिल होने का न्यौता दिया है।
इससे पहले रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव पर्यवेक्षक बनकर ओडिशा गए थे। भुवनेश्वर में बीजेपी विधायक दल की बैठक हुई। इस बैठक में राजनाथ सिंह और भूपेंद्र सिंह ने बतौर पर्यवेक्षक हिस्सा लिया। सूत्रों के मुताबिक, राजनाथ सिंह ने मोहन मांझी के नाम को आगे बढ़ाया और सभी विधायकों ने इस पर अपनी सहमति जता दी। इसके साथ ही दो उपमुख्यमंत्रियों के नाम का भी ऐलान हुआ। अश्विनी वैष्णव भी बैठक में मौजूद रहे। राजनाथ सिंह ने मोहन मांझी को गुलदस्ता देकर शुभकामनाएं दीं।