विकाराबाद (11 मई 24)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता अमित शाह ने शनिवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 2024 के लोकसभा चुनाव के बाद भी देश का नेतृत्व करते रहेंगे। उन्होंने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर यह दावा करने के लिए निशाना साधा कि प्रधानमंत्री 75 साल की उम्र संबंधी ‘नियम' का हवाला देकर शाह को अपना उत्तराधिकारी बनाने के लिए वोट मांग रहे हैं। केंद्रीय गृह मंत्री शाह ने कहा कि भाजपा के संविधान में ऐसी किसी आयु सीमा के बारे में कुछ नहीं लिखा है। उन्होंने कहा कि इस मामले को लेकर भाजपा में कोई भ्रम नहीं है।
शाह केजरीवाल के इस दावे पर प्रतिक्रिया व्यक्त कर रहे थे कि मोदी केंद्रीय गृह मंत्री को प्रधानमंत्री बनाने के लिए वोट मांग रहे हैं क्योंकि वह (मोदी) अगले साल 75 साल के हो जाएंगे। शाह ने कहा, 'मैं अरविंद केजरीवाल एंड कंपनी और पूरे ‘इंडी' गठबंधन को बताना चाहूंगा, मोदी के 75 साल के होने पर आपको खुश होने की कोई जरूरत नहीं है। भाजपा के संविधान में ऐसा कहीं नहीं लिखा है। मोदी अगला कार्यकाल भी पूरा करेंगे और देश का नेतृत्व करते रहेंगे। इसे लेकर भाजपा में कोई भ्रम नहीं है।' केजरीवाल ने आरोप लगाया है कि मोदी शाह के लिए वोट मांग रहे हैं।
केजरीवाल ने कहा, ‘ये लोग ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव एलायंस' (इंडिया) गठबंधन से उनके चेहरे के बारे में पूछते हैं। मैं भाजपा से पूछता हूं कि उनका प्रधानमंत्री कौन होगा? प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी अगले साल 17 सितंबर को 75 साल के हो रहे हैं। उन्होंने नियम बनाया था कि 75 साल की उम्र वालों को ‘रिटायर' कर दिया जाएगा। उन्होंने लालकृष्ण आडवाणी, मुरली मनोहर जोशी, सुमित्रा महाजन को रिटायर (सेवानिवृत्त) कर दिया।' उन्होंने पूछा, 'वह (मोदी) अगले साल रिटायर हो जाएंगे। वह अमित शाह (केंद्रीय गृह मंत्री) को प्रधानमंत्री बनाने के लिए वोट मांग रहे हैं। क्या शाह मोदी जी की गारंटी पूरी करेंगे?' शाह ने कांग्रेस और उसके नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि पाकिस्तान के पास परमाणु बम होने के डर से सबसे पुरानी पार्टी पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) पर भारत का अधिकार छोड़ना चाहती है। राज्य में लोकसभा चुनाव के लिए प्रचार के आखिरी दिन तेलंगाना के विकाराबाद और नागरकुर्नूल में चुनावी रैलियों को संबोधित करते हुए कहा कि यदि केजरीवाल को लगता है कि सुप्रीम कोर्ट द्वारा दी गई अंतरिम जमानत उन्हें ‘क्लीन चिट' है तो कानून को लेकर उनकी समझ खराब है।