Tuesday, 29 Sep 2026

मोदी की ‘अजेय' छवि को लगा झटका: विश्व मीडिया

नईदिल्ली (05 जून 24)। लोकसभा चुनाव में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ‘अजेय' छवि को भारतीय मतदाताओं ने न केवल 'ध्वस्त' कर दिया बल्कि विपक्ष को भी एक नया जीवनदान दे दिया है। अंतरराष्ट्रीय मीडिया ने भारत के आम चुनाव के परिणामों को लेकर जहां भाजपा पर तंज कसा है वहीं नरेंद्र मोदी पर भी टिप्पणी की है। लोकसभा चुनाव के परिणामों के अनुसार, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने 543 सीट में से 240 सीट जीतीं और कांग्रेस ने 99 सीट पर जीत दर्ज की है। भाजपा के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) ने 543 सदस्यीय लोकसभा में 272 के बहुमत के आंकड़े को आसानी से पार कर लिया है।

भाजपा ने हालांकि अपना पूर्ण बहुमत खो दिया है। ‘न्यूयॉर्क टाइम्स' ने अपनी रिपोर्ट की शुरुआत इस टिप्पणी से की, ‘अचानक, नरेन्द्र मोदी के इर्द-गिर्द बनी अजेय छवि खत्म हो गई है।' परिणामों को आश्चर्यजनक' बताते हुए, इसने कहा कि ये ‘मोदी के कार्यकाल के एक दशक बाद एक बड़ा उलटफेर' हैं। ‘द वाशिंगटन पोस्ट' ने लिखा, ‘मंगलवार को जब अंतिम चुनाव परिणाम आए, तो मतदाताओं ने यथास्थिति को लेकर असंतोष दिखाया और लगातार जीतने वाले इस नेता को मुश्किल स्थिति में ला दिया।' ‘सीएनएन' ने कहा, ‘इस चुनाव में मोदी ने संसद के निचले सदन यानी लोकसभा में 400 सीट जीतने का लक्ष्य रखा था। लेकिन मंगलवार को जैसे-जैसे नतीजे आने शुरू हुए, यह स्पष्ट हो गया कि सत्तारूढ़ भाजपा के पास बहुमत के लिए भी पर्याप्त संख्या नहीं होगी और उन्हें एक दशक पहले सत्ता में आने के बाद पहली बार सरकार में बने रहने के लिए गठबंधन के पुराने सहयोगियों पर निर्भर रहना होगा।'

Tags:

Follow us

This question is not available..!