Sunday, 27 Sep 2026

मोदी का टीएमसी सरकार पर निशाना

नईदिल्ली (26 अप्रैल 24)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कलकत्ता उच्च न्यायालय के आदेश के बाद पश्चिम बंगाल में लगभग 26,000 नौकरियां रद्द होने के मामले में शुक्रवार को सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस की आलोचना की और कहा कि राज्य के युवाओं को पार्टी की ‘‘कट और कमीशन'' संस्कृति के कारण नुकसान उठाना पड़ा है तथा यह (तृणमूल) अब ‘‘घोटालों का पर्याय'' बन गई है। मोदी ने मालदा में एक चुनावी रैली में उन युवाओं की ‘‘दुर्दशा पर प्रकाश डाला, जिन्होंने तृणमूल नेताओं को रिश्वत देने के लिए मजबूरी में ऋण'' लिया था। उन्होंने कहा, ‘‘तृणमूल घोटाले करती है, जिसका खामियाजा राज्य की जनता को भुगतना पड़ता है। पार्टी बंगाल के युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है।''

मोदी ने इस बात पर जोर दिया कि कैसे घोटालों में तृणमूल की संलिप्तता ने न केवल बंगाल के युवाओं के भविष्य को खतरे में डाला है, बल्कि इसका हजारों परिवारों पर भी प्रतिकूल असर पड़ा है। प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘शिक्षक भर्ती घोटाले ने लगभग 26,000 परिवारों की आजीविका छीन ली। जिन युवाओं ने तृणमूल नेताओं को रिश्वत देने के लिए कर्ज लिया था, अब उन पर इस स्थिति का बोझ पड़ रहा है। केंद्र देश के युवाओं के लिए रोजगार पैदा करने की दिशा में काम कर रहा है।'' कलकत्ता उच्च न्यायालय ने पश्चिम बंगाल सरकार द्वारा संचालित और उससे सहायता प्राप्त विद्यालयों में, राज्यस्तरीय चयन परीक्षा-2016 (एसएलएसटी) की भर्ती प्रक्रिया के जरिये हुई शिक्षकों और गैर-शिक्षण कर्मियों की 25,753 नियुक्तियों को रद्द करने का सोमवार को आदेश दिया था तथा चयन प्रक्रिया को ‘‘अमान्य एवं अवैध'' करार दिया था।

Tags:

Follow us

This question is not available..!