झुंझुनू (15 मई 24)। मंडी लोकसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की उम्मीदवार अभिनेत्री कंगना रनौत का कहना है कि वह लड़ाई-झगड़े नहीं करतीं, लेकिन अगर कोई उन्हें एक बार मारता है तो उसे उनसे कई बार मार खाने के लिए तैयार रहना चाहिए। राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार से सम्मानित कंगना ने मंडी लोकसभा सीट के लिए मंगलवार को अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इस संसदीय क्षेत्र में एक जून को मतदान होगा।
कंगना ने एक साक्षात्कार में कहा कि उनकी जीत उनके जीवन का ‘सबसे बड़ा महत्वपूर्ण मोड़' होगी। मंडी सीट से अपने प्रतिद्वंद्वी और कांग्रेस के उम्मीदवार विक्रमादित्य सिंह की टिप्पणियों का जिक्र करते हुए कंगना ने कहा कि चुनाव मुद्दों पर लड़ा जाना चाहिए लेकिन अगर वह अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल करते हैं तो उन्हें उसी तरह की भाषा सुनने के लिए तैयार रहना चाहिए। उन्होंने कहा ‘मेरे पिछले रिकॉर्ड को देखें, मैं किसी को भी चुनौती दे सकती हूं। यह बात मायने नहीं रखती कि मैंने कितनी लड़ाइयां लड़ीं लेकिन हमेशा सबसे पहले मुझे निशाना बनाया जाता रहा है।' कंगना ने कहा, ‘मैं लड़ाई-झगड़े नहीं करती, लेकिन अगर मुझ पर हमला होता है, तो मैं उनमें से नहीं हूं जो इसे चुपचाप सह ले। अगर आप मुझे एक बार मारते हैं, तो मुझसे कई बार मार खाने के लिए तैयार भी रहें।'