Tuesday, 29 Sep 2026

मुंबई में शाम से लगातार बारिश, कई इलाकों में यातायात प्रभावित

मुंबई (28 जून 24)। मुंबई में बृहस्पतिवार शाम हुई झमाझम बारिश से तापमान में गिरावट के साथ ही लोगों को भीषण गर्मी तथा उमस राहत मिली, लेकिन कई इलाकों में लोगों को यातायात जाम जूझना पड़ा। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। रात आठ बजे तक पिछले 12 घंटे की अवधि के दौरान शहर में 25.22 मिलीमीटर बारिश हुई, जबकि महानगर के पूर्वी उपनगरों में 31.44 मिलीमीटर और पश्चिमी भाग में 25.75 मिलीमीटर बारिश हुई। एक अधिकारी ने बताया कि उपनगरीय रेल सेवाएं थोड़ा विलंब से चलीं, जबकि सड़कों पर जलभराव के कारण कई इलाकों में यातायात प्रभावित हुआ। मुंबई में मानसून का आगमन सामान्य तौर पर 11 जून को होता है, लेकिन इस बार इसने नौ जून को ही दस्तक दे दी, लेकिन पिछले 15 दिन में बारिश न के बराबर रही। बृहस्पतिवार सुबह भारत मौसम विज्ञान विभाग ने अगले 24 घंटे में शहर और उपनगरों में मध्यम से भारी बारिश के साथ बादल छाए रहने का अनुमान जताया था। मौसम विभाग के ‘नाउकास्ट' ने रात करीब नौ बजे अगले तीन से चार घंटों में मुंबई शहर और उपनगरों, ठाणे, रायगढ़ में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी जारी की। 

Tags:

Follow us

This question is not available..!