Monday, 28 Sep 2026

महू के प्रभावित क्षेत्र के 16 पानी नमूनों की रिपोर्ट आई नार्मल

महू (25 जनवरी 26)। महू पत्तीबाजार क्षेत्र अंतर्गत आने वाले चंदर मार्ग व उससे जुड़ी सुरखी व नीम गली से लिए गए पानी के 16 सैंपलों की जांच रिपोर्ट शनिवार दोपहर नार्मल आई। इस खबर के बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है। हालांकि शनिवार को रेडक्रॉस हॉस्पिटल में दो नए बच्चे पीलिया की शिकायत पर भर्ती हुए हैं। इनमें शुभ कश्यप (8) निवासी यादव मोहल्ला और वसाक करैशी (12) निवासी नीम गली शामिल हैं, जबकि राहत की बात भी है कि पूर्व से इसी हॉस्पिटल में भर्ती दिव्या, पार्थ और यथार्त को शनिवार डिस्चार्ज कर दिया गया। फिलहाल तीन हॉस्पिटल में कुल 7 बच्चे और एक वयस्क उपचाररत है।

ये हैं अस्पतालो में भर्ती- शुभ कश्यप (8), वसाक कुरैशी (12) रेडक्रॉस हॉस्पिटल में भर्ती हैं, वहीं मयंक (14) और कुणाल चरवे (13), पूर्वीश अरुण वर्मा (9) व रुद्र संदल एएमएनएच हॉस्पिटल में भर्ती हैं, जबकि भूमिका स्वामी (19) और गावेन्द्र नागराज (37) मेवाड़ा हॉस्पिटल में भर्ती हैं। पूर्व में भर्ती हुए तीन बच्चों को शनिवार को रेडक्रॉस हॉस्पिटल से डिस्चार्ज किया गया। शनिवार सुबह प्रभावित चंदर मार्ग सहित सुरखी व नीम गली में महू कैंट बोर्ड की टीम ने स्वास्थ्य अधीक्षक मनीष अग्रवाल के मार्गदर्शन में विशेष सफाई अभियान शुरू किया। इस दौरान पूरे क्षेत्र की तंग नालियों की सफाई की गई। नीम गली में पानी की टंकी के नीचे से हो रहे पानी रिसाव को दुरुस्त किया गया। यहीं एक स्थान पर नालियों की गाद में दबी पाइप लाइन को बाहर निकालकर जरूरी हिस्से में नए पाइप डाले गए, वहीं पूरे क्षेत्र में पाउडर से ब्लिचिंग की गई। स्वास्थ्य विभाग की 10 टीमें प्रभावित क्षेत्र के लगभग 250 परिवारों के बीच शनिवार को भी पहुंची। लोगों से पुन: स्वास्थ्य की जानकारी जुटाई, नई सूची तैयार की गई। सर्दी-जुकाम सहित अन्य लक्षण वाले मरीजों से स्वास्थ्य संबंधी चर्चा की। जरूरी दवाओं का वितरण कर पानी को उबालकर उपयोग में लेने की हिदायत दी गई, वहीं डॉक्टर्स की टीम भी पूर्व में चिह्नित किए गए मरीजों की सेहत की मॉनिटरिंग कर रही है।

Tags:

Follow us

This question is not available..!