प्रयागराज (08 मार्च 25)। निरंजनी अखाड़े के प्रमुख और आध्यात्मिक नेता स्वामी कैलाशानंद गिरि ने शुक्रवार को खुलासा किया कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के वरिष्ठ सलाहकार और टेस्ला के प्रमुख एलन मस्क ने महाकुंभ में शामिल होने की इच्छा जताई थी। स्वामी कैलाशानंद गिरि ने बताया कि एलन मस्क ने उन्हें संदेश भेजकर महाकुंभ में शामिल होने और उनके शिविर में ठहरने की इच्छा व्यक्त की थी।
उन्होंने कहा, ‘एलन मस्क का संदेश आया था, जिसमें उन्होंने महाकुंभ में शामिल होने की इच्छा जताई थी।’ स्वामी ने यह भी बताया कि स्टीव जॉब्स की पत्नी लॉरेन ने मस्क को महाकुंभ के बारे में बताया था। स्टीव जॉब्स की पत्नी लॉरेन पॉवेल जॉब्स हाल ही में महाकुंभ में भाग लेने प्रयागराज आई थीं। हालांकि, स्वास्थ्य कारणों से वह पहले दिन संगम में स्नान नहीं कर पाईं, लेकिन उनकी यात्रा चर्चा का विषय बनी रही। स्वामी कैलाशानंद गिरि ने महाकुंभ के सफल आयोजन का श्रेय उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को देते हुए कहा कि ‘अगर योगी आदित्यनाथ मुख्यमंत्री नहीं होते तो महाकुंभ का यह विशाल आयोजन संभव नहीं हो पाता।’