मुंबई (08 दिसंबर 24)। हिंदी सिनेमा के मशहूर फिल्म निर्माता सुभाष घई की तबियत अचानक बिगड़ गई है और उन्हें मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जैसे ही यह खबर सामने आई, उनके फैंस चिंतित हो गए और सभी उनके जल्दी ठीक होने की दुआ कर रहे हैं। आइए जानते हैं, सुभाष घई को क्या हुआ? सूत्रों के मुताबिक, सुभाष घई को सांस लेने में तकलीफ, चक्कर आना और कमजोरी महसूस हो रही थी, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। फिलहाल, सुभाष को लीलावती अस्पताल के आईसीयू में रखा गया है और वह डॉक्टरों की देख-रेख में हैं। उनके फैंस को उनके स्वास्थ्य अपडेट का इंतजार है।
एबीपी न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, अस्पताल के एक सूत्र ने बताया कि सुभाष घई का इलाज न्यूरोलॉजिस्ट डॉ. विजय चौहान, कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. नितिन गोखले और पलमोनोलॉजिस्ट डॉ. जलील पारकर की निगरानी में हो रहा है। उम्मीद जताई जा रही है कि वह जल्द ही ठीक हो जाएंगे। इस समय उनके लिए सभी लोग दुआ कर रहे हैं। हाल ही में सुभाष घई को गोवा में आयोजित 55वें इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल (IFFI 2024) में देखा गया था।