Thursday, 01 Oct 2026

मंडला से भी प्रारम्भ होगी पीएमश्री वायु सेवा: मुख्यमंत्री

मंडला (12 अगस्त 24)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने मंडला प्रवास के दौरान अनेक सौगातें देते हुए ग्वारा में हवाई पट्टी विकसित करने के लिए 6 करोड़ रुपये प्रदान करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि मंडला से भी शीघ्र ही पीएमश्री वायुसेवा प्रारंभ की जाएगी। साथ ही बम्हनी के महाविद्यालय में पीजी कोर्सेस प्रारंभ किए जाएंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बम्हनी को उप तहसील से तहसील का दर्जा देने की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि गेहूं की तरह अब धान की खरीदी पर भी बोनस दिया जायेगा। साथ ही दुग्ध उत्पादक किसानों को भी बोनस राशि दी जायेगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव आज मंडला जिले के बम्हनी में रक्षाबंधन सह श्रावण उत्सव कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि इंद्र देव के आशीर्वाद के बीच बम्हनी की बहनों का स्नेह और प्यार अद्भुत है। यहां पर हर घर से राखी बंधकर आयी है। यह बहनों का प्यार बड़ा ही स्मरणीय हो गया है। उन्होंने कहा कि वे पहले सिर्फ एक विधानसभा की बहनों के साथ राखी पर्व मनाते रहे हैं, अब से पूरा प्रदेश उनका ही परिवार हो गया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को मंडला जिले की हवाई पट्टी ग्वारा में 'हर घर तिरंगा अभियान' के तहत तिरंगा बाइक रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव, मंत्री संपतिया उईके और सांसद फग्गनसिंह कुलस्ते तिरंगा रथ में सवार होकर तिरंगा यात्रा में शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने नागरिकों का अभिवादन स्वीकार किया। नागरिकों ने पुष्प-वर्षा कर तिरंगा यात्रा का स्वागत किया। यात्रा के मार्ग में जगह-जगह बैंड बाजे, लोक गीत और लोक नृत्य कर यात्रा का स्वागत किया गया।

Tags:

Follow us

This question is not available..!