नईदिल्ली (25 मई 26)। भारत और कनाडा के बीच लंबे तनाव के बाद अब रिश्तों में तेजी से सुधार देखने को मिल रहा है। कनाडा में भारत के उच्चायुक्त दिनेश के. पटनायक ने कहा है कि दोनों देशों के संबंध 'विरोधी' दौर से निकलकर अब 'बेहद दोस्ताना' स्थिति में पहुंच चुके हैं। उन्होंने यह बयान केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल के कनाडा दौरे से पहले दिया। विशेष इंटरव्यू में दिनेश के. पटनायक ने कहा कि पीयूष गोयल का दौरा भारत-कनाडा संबंधों में 'एक नए चरण की शुरुआत' है। उन्होंने बताया कि यह अब तक का सबसे बड़ा भारतीय कारोबारी प्रतिनिधिमंडल होगा, जिसमें 100 से अधिक भारतीय उद्योगपति कनाडा पहुंचेंगे। यह प्रतिनिधिमंडल कनाडाई उद्योग समूहों, पेंशन फंड्स, बैंकों, लॉजिस्टिक्स कंपनियों और भारतीय प्रवासी समुदाय के नेताओं से मुलाकात करेगा।
पटनायक ने कहा, 'सिर्फ यह बैठक होना ही एक बड़ी सफलता है। एक साल पहले कोई सोच भी नहीं सकता था कि भारत का कोई मंत्री 100 से ज्यादा प्रतिनिधियों के साथ कनाडा आएगा।' पीयूष गोयल के दौरे का मुख्य उद्देश्य दोनों देशों के आर्थिक और व्यापारिक संबंधों को नई गति देना बताया जा रहा है। भारत और कनाडा के बीच प्रस्तावित व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौता (CEPA) पर बातचीत को भी इस दौरे से राजनीतिक बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।पटनायक ने कहा कि वर्तमान में दोनों देशों के बीच व्यापार लगभग 32 अरब कनाडाई डॉलर यानी करीब 25 अरब अमेरिकी डॉलर का है। दोनों देश इसे अगले पांच वर्षों में दोगुना करना चाहते हैं।उन्होंने कहा, 'हम 2030 या 2031 तक इसे 50 अरब अमेरिकी डॉलर तक पहुंचाने की उम्मीद कर रहे हैं।' भारतीय उच्चायुक्त ने कहा कि दोनों देशों ने 'अतीत की समस्याओं को पीछे छोड़ दिया है' और अब सुरक्षा समेत कई क्षेत्रों में सहयोग फिर से शुरू हो गया है।