Thursday, 01 Oct 2026

भारत-अमेरिका के बीच नए व्यापार समझौते पर चर्चा

नईदिल्ली (11 मार्च 25)। भारत और अमेरिका के बीच चल रहे टैरिफ विवाद पर केंद्र सरकार ने संसद में जवाब दिया है कि अमेरिका ने अभी तक भारत पर कोई रेसिप्रोकल टैरिफ नहीं लगाया है। वाणिज्य और उद्योग राज्य मंत्री जितिन प्रसाद ने यह जानकारी लोकसभा में एक लिखित उत्तर में दी। उन्होंने कहा कि भारत और अमेरिका दोनों देशों के बीच एक नए व्यापार समझौते पर बातचीत चल रही है, जिसका मुख्य उद्देश्य इंपोर्ट ड्यूटी और टैरिफ को कम करना और आपूर्ति बढ़ाने पर ध्यान केंद्रित करना है। इस समझौते से दोनों देशों को लाभ होगा और व्यापार को और मजबूती मिलेगी।

हाल ही में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बयान में कहा था कि भारत ने अमेरिका के साथ टैरिफ में कटौती करने पर सहमति जताई है। ट्रंप ने कहा था कि 2 अप्रैल 2025 से अमेरिका उन देशों पर रेसिप्रोकल टैरिफ लागू करेगा, जो अमेरिकी सामान पर अधिक टैक्स वसूलते हैं। ट्रंप ने विशेष रूप से भारत का नाम लिया, यह कहते हुए कि भारत अमेरिका से ज्यादा टैरिफ लेता है और इस वजह से अमेरिकी उत्पादकों के लिए भारतीय बाजार में कारोबार करना मुश्किल हो गया है। ट्रंप का यह बयान भारत के लिए चिंता का कारण बना था, क्योंकि इससे व्यापारिक रिश्तों में तनाव बढ़ने की संभावना थी।

भारत और अमेरिका के बीच व्यापारिक संबंधों को लेकर सरकार का कहना है कि दोनों देश अपने व्यापार समझौते को और मजबूत करने की दिशा में काम कर रहे हैं। पिछले महीने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अमेरिका यात्रा के दौरान, दोनों देशों ने यह तय किया था कि 2030 तक दोनों देशों के बीच आपसी व्यापार को 500 बिलियन डॉलर तक बढ़ाया जाएगा। इसके अलावा, 2025 के अंत तक एक नए व्यापार समझौते पर बातचीत पूरी करने का लक्ष्य रखा गया है, जो दोनों देशों के व्यापारिक संबंधों को और स्थिर और मजबूत करेगा।

Tags:

Follow us

This question is not available..!