Monday, 28 Sep 2026

भारतीय हॉकी टीम के ब्रॉन्ज मेडल जीतने पर पीएम मोदी ने दी बधाई

नईदिल्ली (09 अगस्त 24)। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह ने बृहस्पतिवार को पेरिस ओलंपिक में लगातार दूसरा कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय हॉकी टीम को बधाई दी। राष्ट्रपति मुर्मू ने ‘एक्स' पर लिखा, ‘‘पेरिस ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने पर हमारी हॉकी टीम को हार्दिक बधाई। पांच दशक से भी अधिक समय के बाद भारत ने लगातार दो ओलंपिक खेलों में कांस्य पदक जीता है। '' भारतीय हॉकी टीम ने प्लेऑफ में स्पेन को 2 . 1 से हराकर पेरिस ओलंपिक में कांस्य पदक जीत लिया।भारत ने 50 साल बाद ओलंपिक में लगातार दूसरी बार पदक जीता । इसके साथ ही ओलंपिक में आठ बार की चैम्पियन भारतीय हॉकी टीम का यह 13वां पदक है । उन्होंने लिखा, ‘‘भारतीय हॉकी के पुनरुत्थान के लिए टीम प्रशंसा की पात्र है। उन्होंने भारत को गौरवान्वित किया है। इस टीम द्वारा दिखाई गई निरंतरता, कौशल, एकजुटता और लड़ने की भावना हमारे युवाओं को प्रेरित करेगी। ‘वेल डन' भारतीय हॉकी टीम। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट किया, "एक उपलब्धि जिसे आने वाली पीढ़ियां याद रखेंगी। भारतीय हॉकी टीम ने ओलंपिक में कांस्य पदक जीतकर भारत का नाम चमकाया हैं। मोदी ने कहा कि यह और भी खास है, क्योंकि यह ओलंपिक में उनका लगातार दूसरा पदक है। उनकी सफलता कौशल, दृढ़ता और टीम भावना की जीत है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने ट्वीट किया, 'साहस का क्या शानदार प्रदर्शन! हमारी पुरुष हॉकी टीम को पेरिस ओलंपिक2024 में कांस्य पदक जीतने पर बहुत-बहुत बधाई। आपका दमदार प्रदर्शन और त्रुटिहीन खेल कौशल खेल के प्रति एक नया उत्साह जगाएगा। आपकी उपलब्धि ने तिरंगे का गौरव बढ़ाया है।' रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ट्वीट किया, 'कांस्य पदक जीतने के लिए हमारी पुरुष हॉकी टीम को बधाई। उनकी उल्लेखनीय टीम वर्क और अद्भुत कौशल ने शानदार परिणाम दिए हैं। हमें टीम पर गर्व है और उनके भविष्य के प्रयासों के लिए उन्हें शुभकामनाएं देते हैं।'

Tags:

Follow us

This question is not available..!