सरेनी (16 मई 24)। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के लोग 20 मई को होने वाले लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण से पहले मतदाताओं को डरा रहे हैं। सरेनी इलाके में कांग्रेस प्रत्याशी और भाई राहुल गांधी के समर्थन में एक जनसभा को संबोधित करते हुए प्रियंका ने कहा, ‘भाजपा उम्मीदवार लोगों को डरा-धमका कर वोट मांग रहे हैं कि वह लोगों की जमीन हड़प लेंगे।' प्रियंका ने अपनी दादी और दिवंगत प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी का जिक्र करते हुए कहा कि बेहद धार्मिक होने के बावजूद उन्होंने कभी भी धर्म के नाम पर वोट नहीं मांगा, लेकिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने चुनाव को हिंदू-मुस्लिम मुद्दा बना दिया है।
उन्होंने रायबरेली से भाजपा प्रत्याशी दिनेश प्रताप सिंह का नाम लिए बिना आरोप लगाया कि वह लोगों को डरा-धमका कर वोट मांग रहे हैं और उनकी जमीनें हड़प रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज महंगाई इस स्तर तक बढ़ गयी है कि एक परिवार की जरूरतें सभी सदस्यों की कमाई से भी पूरी नहीं हो पाती हैं। नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए प्रियंका ने कहा कि प्रधानमंत्री महंगाई, बेरोजगारी और अन्य मुद्दों पर कुछ नहीं बोलते हैं। भाजपा के लोग सिर्फ धर्म के नाम पर वोट मांगते हैं लेकिन हमारी धार्मिक परंपरा सत्य के मार्ग पर चलने की रही है। श्रीमती इंदिरा गांधी खुद बहुत धार्मिक थीं, पूजा-पाठ करती थीं लेकिन कभी भी इसके आधार पर वोट नहीं मांगा। उन्होंने केवल अपने काम के आधार पर वोट मांगे।