Monday, 28 Sep 2026

भाजपा नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा की तबीयत बिगड़ी

इंदौर (22 मई 26)। भारतीय जनता पार्टी के इंदौर नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा की तबीयत अचानक बिगड़ने के बाद उन्हें शहर के ज्यूपिटर अस्पताल में भर्ती कराया गया। दिल से जुड़ी परेशानी के चलते उन्हें अस्पताल लाया गया था, जहां जांच के बाद उनकी स्थिति गंभीर पाई गई। डॉक्टरों द्वारा की गई शुरूआती मेडिकल जांच और एंजियोग्राफी में सुमित मिश्रा की हृदय धमनियों में गंभीर ब्लॉकेज सामने आया है। 

जानकारी के अनुसार उनकी दो धमनियों में करीब 90 प्रतिशत तक ब्लॉकेज पाया गया है, जबकि एक अन्य धमनी में लगभग 50 प्रतिशत रुकावट मिली है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर उपचार के लिए दिल्ली रेफर करने का निर्णय लिया है। सुमित मिश्रा को शुक्रवार को विमान के जरिए दिल्ली ले जाया जाएगा। दिल्ली में देश के प्रसिद्ध हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. अशोक सेठ उनकी एंजियोप्लास्टी करेंगे। इसके बाद आगे की चिकित्सा प्रक्रिया और जरूरत पड़ने पर सर्जरी की जाएगी। भाजपा नगर अध्यक्ष की तबीयत बिगड़ने की खबर के बाद पार्टी नेताओं और समर्थकों में चिंता का माहौल है। ज्यूपिटर अस्पताल में दिनभर भाजपा कार्यकर्ताओं और नेताओं का आना-जाना लगा रहा। पार्टी पदाधिकारियों ने उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।

Tags:

Follow us

This question is not available..!