शाजापुर (05 अगस्त 24)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के लिए राज्य सरकार कृत-संकल्पित है। इसी कड़ी में आज शाजापुर में 20 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 100 बिस्तरीय मातृ-शिशु चिकित्सालय का लोकार्पण किया गया है। अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त इस चिकित्सालय में जच्चा और बच्चा को उच्च स्तरीय सेवाएँ मिल सकेंगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव शाजापुर में मातृ-शिशु चिकित्सालय का लोकार्पण कर संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि शाजापुर जिले के विकास में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ी जायेगी। जिले में नर्मदा जी का जल आ चुका है। अब पार्वती-काली सिंध-चंबल लिंक परियोजना का लाभ भी शाजापुर को मिलेगा। परियोजना से 13 जिले लाभान्वित होंगे। किसानों को 24 घंटे पानी और बिजली की उपलब्धता मिलेगी, जिससे जिले में फसलों की उत्पादकता में वृद्धि होगी। मुख्यमंत्री ने शाजापुर की उप तहसील मक्सी को तहसील बनाने की घोषणा भी की। मुख्यमंत्री ने चिकित्सालय परिसर में पौधा भी रोपा।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने शाजापुर में कृषि आधारित फूड इंडस्ट्री लगाने की घोषणा की, इससे किसानों को उनकी फसलों का वाजिब दाम मिलेगा और यहां के उत्पाद देश-विदेश में भी जायेंगे, जिससे क्षेत्र में किसानों की उन्नति होगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव को शाजापुर में मातृ-शिशु चिकित्सालय के लोकार्पण समारोह में लाड़ली बहनों द्वारा तैयार की गई लगभग 20 फिट की विशाल राखी भेंट की गई। साथ ही बड़ी संख्या में बहनों ने राखी भी बांधी। मुख्यमंत्री ने लाड़ली लक्ष्मी योजना की हितग्राहियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किये । कार्यक्रम के दौरान किसानों ने कच्ची घानी का तेल, गाय का घीं, नीमाड़ी मिर्च पाउडर, शाजापुर का प्रसिद्ध लाल प्याज, बारामासी सफेद जामुन का पौधा मुख्यमंत्री को भेंट किया। कौशल विकास और रोजगार राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गौतम टेटवाल और सांसद महेन्द्र सिंह सोलंकी ने कार्यक्रम को संबोधित किया। स्थानीय विधायक, जन-प्रतिनिधि, अधिकारी सहित बड़ी संख्या में किसान, लाड़ली बहनें और नागरिक उपस्थित रहे।