Tuesday, 29 Sep 2026

बृजभूषण सिंह के बेटे को टिकट: मोदी पर बरसी कांग्रेस

नईदिल्ली (05 मई 24)। कांग्रेस ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा सांसद बृजभूषण शरण सिंह के बेटे करण भूषण सिंह को कैसरगंज लोकसभा सीट से टिकट देने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर निशाना साधा। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने प्रधानमंत्री मोदी के अयोध्या दौरे से पहले उनसे सवाल पूछे। रमेश ने ‘एक्स' पर कहा, ‘क्या मोदी के भारत में महिलाएं कभी सुरक्षित रहेंगी? प्रधानमंत्री ने सूर्य घर योजना के तहत ‘मुफ्त' बिजली देने को लेकर अयोध्या से झूठ क्यों बोला?

उत्तर प्रदेश के युवाओं ने ‘जॉब मार्केट' से हाथ क्यों जोड़ लिया है? प्रधानमंत्री के बयानों को जुमला करार देते हुए रमेश ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने एक बार फिर भारत की बेटियों के साथ विश्वासघात किया है। कांग्रेस महासचिव ने पोस्ट में कहा, ‘सांसद बृजभूषण शरण सिंह को उनके जघन्य अपराधों के लिए दंडित किया जाना चाहिए था, लेकिन भाजपा ने पड़ोस के कैसरगंज लोकसभा सीट से उनके बेटे करण भूषण सिंह को टिकट देकर उसे सम्मानित किया है।' उन्होंने कहा, ‘यह उन सभी महिलाओं के चेहरे पर तमाचे जैसा है, जिन्होंने अपने करियर को दांव पर लगाया और न्याय की लड़ाई में कई दिनों तक धूप और बारिश में सड़कों पर सोईं।'

कांग्रेस नेता ने ‘एक्स' पर कहा, ‘यह स्पष्ट हो गया है कि ‘मोदी के परिवार' में नारी शक्ति केवल एक नारा भर है। यह परिवार यौन हिंसा के अपराधियों को आश्रय देता है, चाहे वह हासन से सांसद प्रज्वल रेवन्ना हों या भारतीय कुश्ती महासंघ (डब्ल्यूएफआई) के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह।' उन्होंने कहा, ‘क्या मोदी के भारत में महिलाएं कभी सुरक्षित रहेंगी? क्या प्रधानमंत्री की सत्ता की भूख हमेशा भारत की बेटियों की सुरक्षा से अधिक महत्वपूर्ण रहेगी?' रमेश ने यह भी कहा कि पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना प्रधानमंत्री मोदी का सबसे नया जुमला है।

Tags:

Follow us

This question is not available..!