नईदिल्ली (30 मई 24)। शिक्षा मंत्रालय के अधीन स्कूल शिक्षा और साक्षरता विभाग के सचिव संजय कुमार ने नई दिल्ली स्थित राष्ट्रीय बाल भवन में एक महीने तक चलने वाले ,ग्रीष्मकालीन उत्सव (समर फिएस्टा)- 2024' का उद्घाटन किया। इसमें 5 से 16 वर्ष की आयु के बच्चों के लिए 30 से अधिक प्रकार की विभिन्न गतिविधियां शामिल हैं। इस अवसर पर शिक्षा मंत्रालय के स्कूल शिक्षा और साक्षरता विभाग के अतिरिक्त सचिव (एसए-II) व राष्ट्रीय बाल भवन के अध्यक्ष विपिन कुमार सहित मंत्रालय के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
इस अवसर पर संजय कुमार ने बच्चों और उनके अभिभावकों की उत्साही सभा को संबोधित किया। उन्होंने युवा मस्तिष्कों के पोषण में इस तरह के संवादात्मक और अभिनव कार्यक्रमों के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने आगे कहा कि बच्चों के भविष्य में सफल होने के लिए पढ़ाई के साथ-साथ इस प्रकार की पाठ्येतर गतिविधियां भी उतनी ही महत्वपूर्ण हैं। इसके अलावा उन्होंने बच्चों को जिज्ञासु बनने और अपने आस-पास की चीजों का पता लगाने के लिए प्रेरित किया, जिससे उनके मस्तिष्क के विकास में सहायता प्राप्त होगी।