Tuesday, 29 Sep 2026

बादशाह को लॉरेंस गैंग की धमकी- सीधे सिर में गोली मारेंगे

पानीपत (14 मार्च 26)। हरियाणवी गाने ‘टिटरी’ को लेकर चल रहा विवाद अब और गंभीर होता नजर आ रहा है। सिंगर और रैपर बादशाह के खिलाफ अब गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई गैंग का नाम भी सामने आ गया है। गैंग से जुड़े लोगों ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर न सिर्फ एक फायरिंग की जिम्मेदारी ली, बल्कि रैपर को खुलेआम जान से मारने की धमकी भी दी है।

जानकारी के अनुसार हरियाणा के पानीपत में असंध रोड स्थित वेस्टर्न यूनियन कार्यालय के बाहर हुई फायरिंग की घटना की जिम्मेदारी कथित तौर पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े बदमाशों ने ली है। सोशल मीडिया पर जारी पोस्ट में रंदीप मलिक और अनिल पंडित (यूएसए) नाम के गैंग से जुड़े लोगों का जिक्र किया गया है। पोस्ट में दावा किया गया कि यह फायरिंग हवाला कारोबारियों के खिलाफ एक चेतावनी मात्र है। उसी पोस्ट के आखिर में सिंगर बादशाह को लेकर भी आपत्तिजनक टिप्पणी की गई। पोस्ट में आरोप लगाया गया कि रैपर अपने गानों के जरिए हरियाणा की संस्कृति को नुकसान पहुंचा रहे हैं। साथ ही धमकी दी गई कि पहले भी उन्हें चेतावनी दी जा चुकी है और अगली बार सीधे गोली मार दी जाएगी। इस धमकी के सामने आने के बाद मामला और ज्यादा चर्चा में आ गया है। 

दरअसल, 1 मार्च को बादशाह का नया गाना ‘टिटरी’ रिलीज हुआ था। गाने के बोल और विजुअल्स को लेकर कुछ संगठनों और लोगों ने आपत्ति जताई थी। इसी मुद्दे को लेकर सबसे पहले हरियाणा महिला आयोग की ओर से शिकायत दर्ज कराई गई थी। आयोग का आरोप था कि गाने में इस्तेमाल किए गए कुछ शब्द और दृश्य आपत्तिजनक हैं। विवाद बढ़ने के बाद इस गाने को कई डिजिटल प्लेटफॉर्म से हटा दिया गया। वहीं सिंगर बादशाह ने भी सार्वजनिक रूप से माफी मांगते हुए कहा था कि उनका किसी भी समुदाय या व्यक्ति का अपमान करने का इरादा नहीं था। इसके बावजूद यह मामला लगातार सुर्खियों में बना हुआ है।


Tags:

Follow us

This question is not available..!