टंगाइल (04 अक्टूबर 26)। बांग्लादेश के टंगाइल जिले के मिर्जापुर उपजिला के जमुर्की पश्चिमपारा इलाके में दुर्गा पूजा की तैयारियों के बीच एक मंदिर में बनाई जा रही सात मूर्तियों में अज्ञात लोगों ने तोड़फोड़ कर दी। घटना बुधवार रात और गुरुवार सुबह के बीच की बताई जा रही है। मंदिर प्रशासन और पुलिस के मुताबिक, जमुर्की आर्य समिति की देखरेख में इस मंदिर में पिछले करीब 85 वर्षों से दुर्गा पूजा का आयोजन किया जा रहा है। इस साल भी पूजा की तैयारियां जोर-शोर से चल रही थीं। मंदिर परिसर में दुर्गा की मुख्य प्रतिमा समेत सात मूर्तियां बनाई जा रही थीं और पेंटिंग को छोड़कर अधिकांश काम पूरा हो चुका था।
जमुर्की आर्य समिति के अध्यक्ष प्रकाश बकली ने बताया कि समिति के सदस्य बुधवार रात करीब 10 बजे तक मंदिर में मौजूद थे। इसके बाद सभी लोग घर चले गए। गुरुवार सुबह मंदिर पहुंचने पर उन्होंने मूर्तियों को क्षतिग्रस्त हालत में पाया। उन्होंने कहा कि घटना को अंजाम देने वालों के बारे में फिलहाल कोई जानकारी नहीं है। मामले की औपचारिक शिकायत पुलिस में दर्ज कराई गई है और आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है।घटना की सूचना मिलने के बाद टंगाइल के पुलिस अधीक्षक मोहम्मद शम्सुल आलम सरकार समेत वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का दौरा किया। अधिकारियों ने हिंदू समुदाय के लोगों को दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई का आश्वासन दिया।
टंगाइल के सहायक पुलिस अधीक्षक मो. अदनान मुस्तफिज ने बताया कि मौके पर कुछ मूर्तियां आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त मिली हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और दोषियों की पहचान कर उन्हें कानून के दायरे में लाने का प्रयास किया जा रहा है। इलाके में सुरक्षा के जरूरी इंतजाम भी किए गए हैं।