नई दिल्ली (05 अप्रैल 26)। अयोध्या में श्री रामलला के प्राण-प्रतिष्ठा अवसर पर उल्लास के क्षणों को कैमरे में कैद करने वाले पीपुल्स समाचार के फोटो जनर्लिस्ट सोनू यादव को पहला पुरस्कार मिला है। नईदिल्ली में आयोजित एक भव्य समारोह में अतिथियों ने सोनू यादव को सम्मानित किया।
इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र की कला विधिका में अयोध्या न्यास, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र एवं चित्रांजलि समिति के संयुक्त तत्वावधान में 10 दिवसीय 'चित्रांजलि' का शुभारंभ हुआ। स्व. महेंद्र चौधरी की स्मृति में आयोजित 'राम उत्सव चित्रांजलि' प्रदर्शनी में देशभर से प्राप्त 3200 से अधिक छायाचित्रों में से चयनित तस्वीरें प्रदर्शित की गईं। इनमें श्री रामलला के प्राण-प्रतिष्ठा के दौरान देशभर में हुए उल्लासपूर्ण उत्सवों की झलक देखने को मिली।
प्रदर्शनी का उद्घाटन महंत कमलनयन दास, सुरेश भैय्याजी जोशी, दीया कुमारी, मनोज सिन्हा, रामबहादुर राय एवं डॉ. सच्चिदानंद जोशी सहित अन्य अतिथियों ने किया। इस अवसर पर एक कॉफी टेबल बुक का विमोचन भी किया गया। चित्रांजलि के विजेताओं में सोमनाथ पॉल, धनराज काडला, गणेश नामदेव तथा श्री राम उत्सव श्रेणी में प्रथम पुरस्कार पीपुल्स समाचार, इंदौर के फोटो जनर्लिस्ट सोनू यादव, द्वितीय पुरस्कार राजू पंवार और तीसरा पुरस्कार सतीश लाल को दिया गया।