Monday, 28 Sep 2026

फेसबुक-इंस्टाग्राम पर लगेगी 2 घंटे की लिमिट

न्यूयार्क (28 अगस्त 26)। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक और इंस्टाग्राम का इस्तेमाल करने वाले बच्चों और टीनेजर्स के लिए आने वाले दिन पूरी तरह बदलने वाले हैं। बच्चों को सोशल मीडिया की लत लगाने के आरोपों का सामना कर रही दिग्गज टेक कंपनी Meta ने अमेरिका में एक ऐतिहासिक समझौते पर सहमति जताई है, जिसके तहत कंपनी को करीब 17.1 अरब डॉलर का भारी-भरकम भुगतान करना पड़ सकता है। इस समझौते के साथ ही कंपनी अपने प्लेटफॉर्म्स पर 18 साल से कम उम्र के नाबालिग यूजर्स की सुरक्षा के लिए कई बड़े और कड़े बदलाव करने जा रही है। हालांकि, इस समझौते के तहत Meta ने अपनी किसी गलती या कानूनी जिम्मेदारी को स्वीकार नहीं किया है।

नए नियमों के अनुसार, 18 साल से कम उम्र के यूजर्स के लिए फेसबुक और इंस्टाग्राम को मिलाकर रोजाना केवल 2 घंटे की डिफॉल्ट टाइम लिमिट तय की जाएगी। यदि कोई यूजर इस समय सीमा को हटाना या बढ़ाना चाहता है, तो इसके लिए उसके पेरेंट्स (माता-पिता) की मंजूरी लेना अनिवार्य होगा। दोनों प्लेटफॉर्म पर बिताया गया समय इसी कुल लिमिट में गिना जाएगा। बच्चों को रात में देर तक सोशल मीडिया का इस्तेमाल करने से रोकने के लिए रात 12 बजे से सुबह 6 बजे तक फेसबुक और इंस्टाग्राम का एक्सेस पूरी तरह बंद रहेगा। इसके अलावा लगातार ऐप इस्तेमाल करने वाले बच्चों को बीच-बीच में ब्रेक लेने के रिमाइंडर भी दिखाए जाएंगे।

बच्चों की पढ़ाई में किसी तरह का खलल न पड़े, इसके लिए स्कूल के समय यानी सुबह 8 बजे से दोपहर 3 बजे तक नोटिफिकेशन को डिफॉल्ट रूप से म्यूट रखा जाएगा। हालांकि, इस अवधि में सीधे मैसेज (डायरेक्ट मैसेज) और सुरक्षा से जुड़े जरूरी अलर्ट्स बच्चों को मिलते रहेंगे। Meta उम्र की सही जांच करने के लिए अब ज्यादा सख्त तकनीकों का इस्तेमाल करेगा और पैरेंटल कंट्रोल फीचर्स को पहले से अधिक आसान बनाएगा। इसके साथ ही, नाबालिगों को मानसिक तनाव और नुकसानदेह कंटेंट से बचाने के लिए उनके पोस्ट से लाइक और रिएक्शन की गिनती को हटाया जाएगा और कुछ ब्यूटी फिल्टर्स को भी सीमित कर दिया जाएगा।

Tags:

Follow us

This question is not available..!