नईदिल्ली (11 जून 24)। रायबरेली से कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने हाल के लोकसभा चुनाव में 'नफरत, हिंसा और अहंकार के खिलाफ मतदान' करने के लिये जनता को धन्यवाद देते हुए मंगलवार को दावा किया कि अगर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाराणसी से चुनाव लड़तीं तो प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी दो-तीन लाख वोट से हार जाते। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल ने यहां 'आभार सभा' में कहा, 'इस चुनाव में हिंदुस्तान ने संदेश भेजा है कि हमें नरेन्द्र मोदी जी का विजन अच्छा नहीं लगता। हमें नफरत नहीं चाहिए, हमें हिंसा नहीं चाहिए। हमें मोहब्बत की दुकान चाहिए। हमें देश के लिए नया विजन चाहिए। अगर देश को नया विजन देना है तो उत्तर प्रदेश से ही देना होगा और उत्तर प्रदेश ने संदेश दिया है कि हम प्रदेश और देश में इंडिया गठबंधन, समाजवादी पार्टी और कांग्रेस को चाहते हैं।'
राहुल ने अयोध्या की सीट पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की पराजय का जिक्र करते हुए कहा, 'जवाब अयोध्या की जनता ने दिया है। सिर्फ अयोध्या में ही नहीं,.... वाराणसी में भी प्रधानमंत्री जान बचाकर निकले हैं। मैं अपनी बहन (प्रियंका वाड्रा) से कह रहा हूं कि अगर यह वाराणसी में लड़ जातीं तो आज प्रधानमंत्री दो-तीन लाख वोट से वाराणसी का चुनाव हार जाते।' उन्होंने कहा, 'मैं यह बात अहंकार से नहीं कह रहा हूं बल्कि इसलिए कह रहा हूं क्योंकि प्रधानमंत्री को जनता ने संदेश दिया है कि आपकी जो राजनीति है वह हमें अच्छी नहीं लगी। हम प्रगति चाहते हैं। आपने 10 साल इस देश में बेरोजगारी, नफरत और हिंसा फैलाई । जनता ने प्रधानमंत्री को जवाब दिया।'