Tuesday, 29 Sep 2026

प्रयागराज से मध्यप्रदेश तक लगा लंबा जाम

कटनी (10 फरवरी 25)। मध्यप्रदेश के रास्ते उत्तर प्रदेश के महाकुंभ मेला जा रहे तीर्थयात्रियों के वाहनों के कारण राज्य में 200-300 किलोमीटर तक भीषण जाम लग गया, जिसके कारण पुलिस को विभिन्न जिलों में रविवार को यातायात रोकना पड़ा। पुलिस द्वारा यातायात रोके जाने के कारण यात्री कई घंटों तक सड़कों पर फंसे रहे और इससे उन्हें कई परेशानियों का सामना करना पड़ा। एक दिन पहले, भारी यातायात और भीड़भाड़ होने से रोकने के लिए प्रयागराज की ओर जाने वाले सैकड़ों वाहनों को राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में रोक दिया गया था। मध्यप्रदेश के विभिन्न जिलों में पुलिस ने रविवार को वाहनों का आवागमन रोक दिया और लोगों से सुरक्षित स्थान ढूंढकर रुकने के लिए कहा। कटनी जिले में पुलिस वाहनों से घोषणा की गई कि सोमवार तक यातायात रोक दिया गया है। राज्य के मैहर जिले की पुलिस ने वाहनों को कटनी और जबलपुर की ओर लौटने तथा वहीं रुकने का निर्देश दिया है। 

पुलिस ने कहा, ‘आज प्रयागराज की ओर जाना असंभव है क्योंकि 200-300 किलोमीटर लंबा जाम लगा हुआ है।' सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो में मध्यप्रदेश के कटनी, मैहर और रीवा जिलों की सड़कों पर हजारों कार और ट्रक की लंबी कतारें नजर आ रही हैं। प्रत्यक्षदर्शियों ने दावा किया कि कटनी से लेकर रीवा जिले के चाकघाट में मध्यप्रदेश-उत्तर प्रदेश सीमा तक 250 किलोमीटर लंबे मार्ग पर भारी जाम लगा हुआ है। कई लोगों ने दावा किया कि वे कई घंटों से सड़कों पर फंसे हुए हैं। रीवा के प्रभारी पुलिस महानिरीक्षक साकेत प्रकाश पांडे ने कहा कि भीड़ के कारण रविवार को यहां भारी ट्रैफिक जाम लग गया। उन्होंने कहा कि एक-दो दिन में स्थिति सामान्य होने की संभावना है। पांडे ने बताया कि मध्यप्रदेश की पुलिस प्रयागराज प्रशासन के साथ समन्वय के बाद वाहनों को जाने की अनुमति दे रही है। प्रत्यक्षदर्शियों ने दावा किया कि वाहन 48 घंटे तक जाम में फंसे रहे हैं। 

Tags:

Follow us

This question is not available..!