Monday, 28 Sep 2026

प्रत्येक शालाविहीन स्कूल को मिलेगा पक्का भवन: सीएम

इंदौर (05 सितंबर 26)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि देश का भविष्य गढ़ने में युवा शिक्षा अधिकारियों और शिक्षकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। प्रदेश में बड़ी संख्या में युवा अधिकारियों और शिक्षकों को शिक्षा व्यवस्था की मैदानी जिम्मेदारी सौंपी गई है। युवा ऊर्जा, नई सोच, तकनीकी समझ और नवाचार की क्षमता का उपयोग शिक्षा व्यवस्था में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए किया जाये। प्रत्येक शिक्षा अधिकारी यह संकल्प लेकर कार्य करे कि जिले का परीक्षा परिणाम 90 प्रतिशत से अधिक हो।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव शनिवार को शिक्षक दिवस के अवसर पर इंदौर के सांदीपनि शासकीय अहिल्या आश्रम कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-1 में आयोजित विशेष संवाद कार्यक्रम ‘एजुकेशन डायलॉग’ को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम का विषय ‘आज का युवा, भविष्य का निर्माता-एजुकेशन डायलॉग, बेहतर शिक्षा के नए विचार’ था। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदेशभर के 200 से अधिक युवा जिला शिक्षा अधिकारियों, जिला परियोजना समन्वयकों, विकासखंड शिक्षा अधिकारियों और शिक्षकों से सीधे संवाद किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने शिक्षक दिवस के अवसर पर महान शिक्षक एवं पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन को नमन करते हुए प्रदेश के सभी शिक्षकों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने युवा अधिकारियों से सीधे संवाद करते हुए उनके अनुभवों, चुनौतियों, प्राथमिकताओं और शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे नवाचारों की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों से यह भी जाना कि वे अपने जिलों में शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए किस प्रकार काम कर रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अधिकारियों से कहा कि शिक्षा अधिकारियों को अपने जिले की स्थानीय परिस्थितियों, विद्यार्थियों की आवश्यकताओं और विद्यालयों की समस्याओं को समझते हुए परिणामोन्मुखी नेतृत्व करना चाहिए। स्थानीय समस्याओं के स्थानीय समाधान विकसित किए जाएं और जो नवाचार सफल हों, उन्हें दूसरे जिलों में भी लागू करने का प्रयास किया जाए। उन्होंने कहा कि आज के युवा अधिकारी तकनीक को समझते हैं, तेजी से सीखते हैं और समस्याओं को नए दृष्टिकोण से देखने की क्षमता रखते हैं। यह क्षमता शिक्षा व्यवस्था के लिए बड़ी ताकत है। युवा अधिकारी अपनी ऊर्जा और नवीन सोच का पूरा उपयोग विद्यार्थियों के भविष्य को बेहतर बनाने में करें।

लोक शिक्षण संचालनालय, स्कूल शिक्षा विभाग के आयुक्त अभिषेक सिंह ने कार्यक्रम के प्रारंभ में स्वागत भाषण दिया। कार्यक्रम में जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, सांसद शंकर लालवानी, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, विधायक मालिनी गौड़, उषा ठाकुर एवं सुमित मिश्रा, संभागायुक्त भास्कर लाक्षाकार, पुलिस आयुक्त संतोष सिंह, कलेक्टर शिवम वर्मा सहित शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, प्रदेशभर से आए जिला शिक्षा अधिकारी, जिला परियोजना समन्वयक, विकासखंड शिक्षा अधिकारी एवं बड़ी संख्या में शिक्षक उपस्थित थे।


Tags:

Follow us

This question is not available..!